अपडेटेड 11 March 2026 at 07:34 IST
अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भीषण हुई जंग, समुद्री माइंस बिछा रहा ईरान, ट्रंप का दावा- 16 बारूदी नावों को किया तबाह
State of Hormuz: स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान के माइन बिछाने वाले 16 जहाजों को नष्ट करने का दावा किया है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी भी दी।
US-Israel-Iran war: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध दिन पर दिन खतरनाक हो रहा है। अब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ईरान ने इस समुद्री रास्ते में बारूदी सुरंगें बिछाईं तो उसे ऐसा सैन्य का सामना करना पड़ेगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।
ट्रंप की ईरान को धमकी
ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा, "अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कोई माइंस लगाई हैं और हमारे पास ऐसा करने की कोई रिपोर्ट नहीं है, तो हम चाहते हैं कि उन्हें तुरंत हटा दिया जाए। अगर किसी वजह से माइंस लगाई गई थीं, और उन्हें नहीं हटाया गया, तो ईरान के लिए मिलिट्री नतीजे पहले कभी नहीं देखे गए लेवल के होंगे। अगर वे जो लगाया गया है उसे हटा देते हैं, तो यह सही दिशा में एक बड़ा कदम होगा।"
उन्होंने आगे कहा कि हम ड्रग ट्रैफिकर्स के खिलाफ इस्तेमाल की गई उसी टेक्नोलॉजी और मिसाइल कैपेबिलिटी का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे होर्मुज स्ट्रेट में माइनिंग करने की कोशिश करने वाली किसी भी नाव या जहाज को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके। उनसे जल्दी और सख्ती से निपटा जाएगा।
16 जहाजों को नष्ट करने का दावा
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार ऑपरेशन के दौरान 16 ईरानी माइनलेयर जहाजों को नष्ट करने का दावा किया है। अमेरिकी सेना ने हमले का वीडियो भी जारी किया है। इसमें देखा जा सकता है कि कई ईरानी जहाजों पर मिसाइल और प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया है।
दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) वैश्विक समुद्री व्यापार के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है और दुनिया के कुल तेल व्यापार का लगभग 20% हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। क्षेत्र में कोई भी सैन्य गतिविधि या रुकावट सीधे तौर पर वैश्विक ऊर्जा बाजार और तेल की कीमतों पर गहरा प्रभाव डालती है।
हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने पिछले कुछ दिनों में इस जलडमरूमध्य में कई दर्जन नौसैनिक माइंस (समुद्री सुरंगें) बिछाना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, ईरान के पास अभी भी अपनी छोटी नावों और माइन बिछाने वाले जहाजों का 80-90% हिस्सा बरकरार है, जिसकी वजह से वह चाहे तो सैकड़ों माइंस बिछाने की पूरी क्षमता रखता है।
IRGC ने पहले ही चेतावनी दी थी कि होर्मुज से गुजरने वाले किसी भी जहाज पर हमला किया जा सकता है। युद्ध शुरू होने के बाद से यह मार्ग लगभग पूरी तरह बंद-सा हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि इसे अब "डेथ वैली" कहकर पुकारा जाने लगा है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 11 March 2026 at 07:33 IST