Donald Trump: 'अमेरिका जंग जीत चुका है, अब बस फैसला लेना है, इसे कब खत्म...', ईरान युद्ध पर ट्रंप का बड़ा ऐलान
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री में वेटरन्स डे के अवसर पर अमेरिकी सैनिकों और पूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने ईरान के साथ जारी युद्ध पर भी बात की और अमेरिका की जीत का दावा किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
अमेरिका के मिड टर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार के बाद ईरान युद्ध को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप के सुर हर दिन बदल रहे हैं। अब ट्रंप ने ऐलान कर दिया है कि ईरान के साथ जारी युद्ध को अमेरिका जीत चुका है। बस अब फैसला लेना है कि हम इसे कब खत्म करना चाहते हैं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री में वेटरन्स डे (पूर्व सैनिक दिवस) के अवसर पर अमेरिकी सैनिकों और पूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने ईरान के साथ जारी युद्ध पर भी बात की और अमेरिका की जीत का दावा किया।
हम जंग जीत चुके हैं-ट्रंप
ट्रंप ने कहा, "हम जंग जीत चुके हैं। अब यह सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि हम इसे कब खत्म करना चाहते हैं। हम 93 प्रतिशत नहीं, बल्कि पूरी जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं।" उन्होंने कहा कि अमेरिका का लक्ष्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है और संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है।
ट्रंप ने पूर्व सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
इस मौके पर ट्रंप ने आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री के पास प्रस्तावित भव्य विजय स्मारक (Triumphal Arch) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक अमेरिका के बहादुर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को समर्पित होगा। ट्रंप ने पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि देश उनके प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण रखता है।
ईरान जंग को लेकर ट्रंप के बदले सुर
इसके पहले भी ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल-थानी से मुलाकात के बाद ईरान जंग को लेकर कहा था कि संघर्ष खत्म करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है और फिलहाल नए हमलों की जरूरत नहीं दिख रही है।
ईरान का अध्याय लगभग खत्म हो चुका है-ट्रंप
ट्रंप ने कहा था, “सैन्य रूप से ईरान का अध्याय लगभग खत्म हो चुका है। हम केवल मौजूदा स्थिति बनाए हुए हैं।” उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है और अब अमेरिका का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम भविष्य में कोई खतरा न बने।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 12 November 2026 at 09:49 IST