अपडेटेड 7 August 2025 at 07:23 IST

भारत को दे रहा ज्ञान, खुद रूस से इंपोर्ट कर रहा अमेरिका, आईना दिखाने पर ट्रंप के अधिकारी बोले- दोनों के बीच कोई तुलना नहीं

US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया। वो अब तक कुल 50% टैरिफ भारत पर लगा चुके हैं। एक ओर तो रूस और भारत के बीच व्यापार से वो नाराज हैं। दूसरी ओर अमेरिका खुद रूस से व्यापार करता है।

donald trump- pm modi | Image: AP

America News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त भारत पर हमलावर है। शर्तों पर ट्रेड डील न करने पर ट्रंप ने इंडिया पर 50% टैरिफ थोपा है। उनका कहना है कि भारत अच्छा बिजनेस पार्टनर नहीं। वहीं, रूस से तेल खरीदने पर भी वो भारत से नाराज हैं। जबकि अमेरिका खुद रूस से इंपोर्ट करता है। अमेरिकी अधिकारी का इस पर कहना है कि दोनों के बीच कोई तुलना नहीं है।

रूस से इंपोर्ट पर आया अमेरिका का बयान

रूस से अमेरिका के इंपोर्ट पर सवाल किए जाने पर अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी का बयान सामने आया। समाचार एजेंसी ANI से कहा, "रूस से तेल के बढ़ते भारतीय आयात के सैकड़ों अरबों डॉलर और रूसी वस्तुओं के मामूली अमेरिकी आयात के बीच कोई तुलना नहीं है।" उनका कहना है कि ये भारतीय आयात की कीमत का 1% से भी कम है। इतना ही नहीं उन्होंने भारत पर यूक्रेन में युद्ध का जानबूझकर फायदा उठाने तक का आरोप लगाया।

अधिकारी ने कहा, "रूस से अमेरिका का आयात उन वस्तुओं तक ही सीमित है जिनके लिए हमारे पास वर्तमान में अच्छे विकल्प नहीं हैं, लेकिन हम रूस पर निर्भरता कम करने के लिए अधिक घरेलू विकल्प बनाने के लिए आक्रामक रूप से काम कर रहे हैं। इसके विपरीत, भारत ने जानबूझकर यूक्रेन में युद्ध का फायदा उठाकर रूसी कच्चे तेल की अपनी खरीद में नाटकीय रूप से वृद्धि की है, जबकि लगभग 40 प्रमुख कच्चे तेल प्रदाता हैं जो भारतीय मांग को पूरा कर सकते हैं।"

भारत के आईना दिखाने पर ट्रंप की बोलती हुई थी बंद

यानी अमेरिका का मानना है कि वो खुद रूस से इंपोर्ट करें तो ये उसकी मजबूरी है, जबकि भारत अपने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कुछ करें, तो ट्रंप आंखें दिखाने और डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं। वहीं, जब भारत ने इस पर यूएस को आईना दिखाने की कोशिश की तो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इससे अनजान दिखे। ट्रंप से जब हाल ही में रूस से इंपोर्ट पर सवाल किया गया तो इस पर उनकी बोलती बंद हो गई। वे कहने लगे कि उन्हें तो इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है कि अमेरिका रूस से रसायन और उर्वरक आयात करता है। उन्होंने इसकी जांच करने की बात कही।

ट्रंप ने लगाया था भारत पर 25% टैरिफ 

भारत और अमेरिका के बीच काफी समय तक ट्रेड डील को लेकर बातचीत चली, लेकिन दोनों देशों के बीच कई मुद्दों के चलते समझौता अबतक नहीं हो पाया। इसके बाद ट्रंप ने पहले तो भारत पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया। इतना ही नहीं, रूस से तेल और हथियार खरीदने पर उन्होंने 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान बीते दिन ही किया है। ऐसे में अब तक वे इंडिया पर कुल 50% टैरिफ लगा चुके हैं।

एक ओर तो रूस से कच्चा तेल खरीदने पर ट्रंप भारत पर हमलावर है, लेकिन उनका दोहरा रवैया इस पर तब दिखाता है, जब दूसरे देश ऐसा करते हैं तो वो इस पर चुप्पी साध लेते हैं। आंकड़े बताते हैं कि EU और अमेरिका खुद रूस से व्यापार करते हैं।

यह भी पढ़ें: EXPLAINER/ Trump Tariff: भारत-रूस दोस्ती से बौखलाए डोनाल्ड ट्रंप ने थोपा 50 फीसदी टैरिफ, लागू होता है तो भारत पर क्या होगा असर?


 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 7 August 2025 at 07:23 IST