'अपनी फिटनेस सुधारों, तुम बहुत खराब दिखते हो', जब सेहत पर सवाल सुन गुस्से से लाल हो गए ट्रंप, ऑन कैमरा सुनाई खरी-खोटी
डोनाल्ड ट्रंप अपनी सेहत पर हुए सवाल पर ऐसा बिदके की पत्रकार को ऑन कैमरा खरी-खोटी सुना दी। उन्होंने पत्रकार के शरीर और दिखने के तरीके पर तीखी टिप्पणी की।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मीडिया पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ते। हाल ही में उन्होंने एक पत्रकार के वजन और लुक्स पर बेहद तीखी टिप्पणी की। पत्रकार के शारीरिक रंग-रूप पर कमेंट करते हुए ट्रंप ने न सिर्फ उन्हें अपनी फिटनेस सुधारने की सलाह दे डाली, बल्कि सरेआम उन्हें 'घिनौना' तक कह दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, यह पूरा विवाद गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान हुआ। एक पत्रकार ने डोनाल्ड ट्रंप से कंसास और आयोवा में होने वाले चुनावी कार्यक्रमों को रद्द करने की वजह पूछी। पत्रकार ने सवाल किया कि क्या रैलियों के रद्द होने के पीछे उनकी खराब तबीयत वजह है? यह सुनते ही ट्रंप अपना आपा खो बैठे और बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने पत्रकार के सवाल पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उसे ही काफी खरी-खोटी सुनाई।
पत्रकार के सवाल पर बिदके ट्रंप
पत्रकार ने ट्रंप से पूछा, 'क्या कंसास न जाने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि देशभर में हफ्तों तक चुनाव प्रचार करने के बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं है?' इस पर ट्रंप ने बिदकते हुए कहा कि ऐसा सवाल पूछने के लिए तुम बीमार हो। ट्रंप ने पत्रकार से पूछा कि तुम किस मीडिया हाउस से हो? जवाब में पत्रकार ने बताया कि वो रॉयटर्स से हैं, तो ट्रंप ने कहा कि वैसे भी रॉयटर्स बहुत ही 'घटिया' है।
इसका शरीर बिल्कुल भी ठीक शेप में नहीं- ट्रंप
इस बीच, पत्रकार ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे सिर्फ उनकी सेहत के बारे में पूछ रहे हैं। लेकिन ट्रंप ने बजाय उनके सवालों का जवाब देने के उनकी नकल की और उनके शरीर पर फिर टिप्पणी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है। वे दो हफ्तों से खुद पर नजर रख रहे हैं और बिल्कुल ठीक महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकार को लेकर कहा कि इस आदमी को देखो, इसका शरीर बिल्कुल भी ठीक शेप में नहीं है। साथ ही सलाह दी कि अपनी फिटनेस सुधारों, तुम बहुत खराब दिखते हो।
चुनावी रैलियां रद्द होने पर क्या बोले?
बता दें कि अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप की कंसास और आयोवा में होने वाली चुनावी रैलियां रद्द कर दी गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, ट्रंप की पहली रैली शनिवार को कंसास के सलीना में और दूसरी रैली रविवार को आयोवा के डब्यूक में होनी थी। रैलियां रद्द होने पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस समय कंसास जाने की कोई जरूरत महसूस नहीं हुई।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 October 2026 at 08:33 IST