अपडेटेड 23 July 2024 at 16:18 IST

महिला नेताओं के खिलाफ 'अभद्र' रहा है ट्रंप का इतिहास, क्या कमला हैरिस दे पाएंगी टक्कर?

Donald Trump Vs Kamala Harris: कमला हैरिस के उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद भी ट्रंप ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।

कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप | Image: AP/ @KamalaHarris-FB

Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिकी चुनाव से खुद को अलग कर लिया है। साथ ही उन्होंने कमला हैरिस को अपनी जगह राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए सपोर्ट किया है।

आपको बता दें कि बाइडेन के इस फैसले के बाद ही पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया था। उन्होंने कमला हैरिस पर हमला बोलते हुए कहा था कि कमला अमेरिका के लिए जो बाइडेन से भी बदतर होगी।

महिलाओं के खिलाफ ट्रंप का इतिहास 'बुरा'

ट्रंप का महिला प्रतिद्वंद्वियों और आलोचकों पर व्यक्तिगत रूप से हमला करने का एक लंबा इतिहास रहा है। आमतौर पर उन्हें मानसिक रूप से अस्थिर या बदतर बताया जाता है। वाशिंगटन पोस्ट के पत्रकार कैरोल लियोनिग और फिलिप रूकर की पुस्तक 'आई अलोन कैन फिक्स इट' के अनुसार, जब वह राष्ट्रपति थे, तब उन्होंने जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल को अपने ही प्रशासन के अधिकारियों के सामने 'वह बिच' कहा था।

हैरिस का भी मजाक उड़ा चुके हैं ट्रंप

ट्रंप ने पहले भी कमला हैरिस के खिलाफ बयानबाजी की थी। उन्होंने हैरिस को बुरा, क्रेजी और अपमानजनक बताया था। ट्रंप ने उनकी हंसी का भी मजाक उड़ाया था। उनके नाम का गलत उच्चारण किया था और गलत दावे को बढ़ावा दिया था कि हैरिस उपराष्ट्रपति के रूप में सेवा करने के लिए संवैधानिक रूप से अयोग्य हैं।

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कमला हैरिस को बेवकूफ बताया और मीडिया पर आरोप लगाया कि मीडिया हैरिस को एक पूरी तरह से विफल और महत्वहीन उपराष्ट्रपति से भविष्य की 'महान' राष्ट्रपति बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लिखा- 'नहीं, यह उस तरह से काम नहीं करता!'

हैरिस ने ट्रंप को बताया 'चीटर'

इस बीच कमला हैरिस का भी बयान सामने आया है। उन्होंने ट्रंप को हिंसक और चीटर बताया है। हैरिस ने कहा- 'डोनाल्ड ट्रंप हमारे देश को उस समय में ले जाना चाहते हैं जब हमारे कई अमेरिकी साथियों को पूर्ण स्वतंत्रता और अधिकार प्राप्त नहीं थे, लेकिन हम एक उज्जवल भविष्य में विश्वास करते हैं जो सभी अमेरिकियों के लिए जगह बनाता है।'

ये भी पढ़ेंः 5 साल में सबसे छोटी रही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट स्पीच, जानिए कब दिया था सबसे लंबा भाषण

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 23 July 2024 at 16:18 IST