अपडेटेड 25 March 2026 at 09:07 IST

US-IRAN DEAL: 'ईरान ने मुझे एक तोहफा भेजा, जो मुझे...', किस कीमती गिफ्ट पर डील के लिए राजी हो गए ट्रंप? युद्ध रोकने को लेकर किया बड़ा ऐलान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका को एक 'बहुत बड़ा और कीमती तोहफा' दिया है, जिसके बाद अमेरिका ईरान के साथ बातचीत के लिए सहमत हो गया है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा | Image: Republic

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत करते हुए सनसनीखेज दावा किया कि 'ईरान ने अमेरिका को एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है।' उन्होंने कहा कि यह तोहफा परमाणु कार्यक्रम से नहीं, बल्कि तेल और गैस से जुड़ा है और इसकी कीमत "बहुत ज्यादा" है। ट्रंप के इस दावे के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिरकार ईरान के किस कीमती तोहफे ने जंग का रुख बदल दिया और बात डील तक पहुंच गई।

पत्रकारों ने ट्रंप से सवाल किया, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच ईरान के साथ बातचीत क्यों की जा रही है? इसके जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "वे एक डील करने जा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने कल हमें एक तोहफा दिया था और वह आज हमारे पास पहुंच गया। यह एक बहुत बड़ा तोहफा है, जिसकी कीमत बहुत ज्यादा है। यह एक बहुत ही अहम और कीमती था और उन्होंने यह हमें दी।  

ट्रंप ने बताया ईरान के क्या तोहफा दिया है?

ट्रंप ने आगे कहा कि मेरे लिए इस तोहफे का मतलब था कि हम सही लोगों के साथ डील कर रहे हैं। यह परमाणु से जुड़ा नहीं है, बल्कि तेल और गैस से जुड़ा था। ईरान के नेतृत्व को लेकर ट्रंप ने कहा कि उनका नेतृत्व खत्म हो गया अब खत्म है। खामेनेई का दौर खत्म हो गया जो पहले सुप्रीम लीडर थे। फिर जो नए सुप्रीम लीडर आए, उन्हें भी काफी तगड़ा झटका लगा है।  ईरान अब समझदारी की बात कर रहा है और समझौते के लिए तैयार है। "

होर्मुज को लेकर अटकलें शुरू

ट्रंप ने तोहफे के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया, लेकिन संकेत दिया कि यह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से संबंधित है, जहां से दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल निर्यात होता है। ट्रंप ने कहा कि मैं आपको नहीं बताऊंगा कि यह क्या है, लेकिन यह बेहद कीमती है। ट्रंप के इस बयान के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या इसी ‘सीक्रेट डील’ की वजह से युद्धविराम की दिशा में तेजी आई है?

डील पर ईरान ने क्या कहा?

जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह तोहफा होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल के बहाव से जुड़ा है, तो ट्रंप ने साफ-साफ कुछ नहीं कहा। बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के 20-30 प्रतिशत तेल निर्यात का प्रमुख रास्ता है। युद्ध के कारण यह रास्ता प्रभावित होने से वैश्विक तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या ईरान के साथ अमेरिका की होर्मुज को लेकर कोई सीक्रेट डील हुई हैं? हालांकि, अभी ईरान की तरह से ऐसे कीमती तोहफे और अमेरिका के साथ किसी भी डील को लेकर कोई बयान नहीं आया है। 

यह भी पढ़ें: ट्रंप के बयान से मिडिल ईस्ट में बढ़ी हलचल,कहा- ईरान समझौता करना चाहता...

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 25 March 2026 at 09:07 IST