चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 10 साल बाद पहुंचे अमेरिका, प्रोटोकॉल भूल खुद एयर बेस पहुंच गए ट्रंप; गर्मजोशी से किया स्वागत

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक दशक के बाद तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे हैं। यहां डोनाल्ड ट्रंप ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी एयरबेस पर दिखाई दीं।

China's Xi Visit us, Trump Welcomes him | Image: ANI

Xi Jinping US Visit: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी पत्नी और फर्स्ट लेडी पेंग लियुआन के साथ अमेरिका की राजकीय यात्रा पर पहुंच चुके हैं। वे 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे।

इस दौरान हर किसी की निगाहें तब ठहर गईं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी प्रोटोकॉल तोड़कर शी जिनपिंग का गर्मजोशी से स्वागत किया। वे नियमों से परे जाकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से रिसीव करने खुद अमेरिकी एयरफोर्स के एंट्रयूज एयर बेस पहुंचे।

September 23, 2026

जिनपिंग का व्हाइट हाउस में होगा स्वागत

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अमेरिका दौरा एक ऐसे समय पर हो रहा है, जब व्यापार, एआई, ईरान संकट और ताइवान जैसे मुद्दों को लेकर दोनों महाशक्तियों के बीच गहरा तनाव बना हुआ है।

गुरुवार को व्हाइट हाउस में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का औपचारिक रूप से स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद दोनों नेता सैन्य टुकड़ियों का निरीक्षण करेंगे। इसके तुरंत बाद राष्ट्रपति ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच बंद कमरे में कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता होगी। फिर शुक्रवार को दोनों शीर्ष नेता नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे।

जिनपिंग के लिए भव्य स्टेट डिनर का आयोजन 

शी जिनपिंग के स्वागत में व्हाइट हाउस में आयोजित भव्य स्टेट डिनर का आयोजन रखा गया है, जिसमें एलन मस्क और जेन्सेन हुआंग सहित कई तकनीकी दिग्गज शामिल हो सकते हैं।

चीनी राष्ट्रपति के स्वागत के बाद क्या बोले ट्रंप?

डोनाल्ड ट्रंप ने शी जिनपिंग का स्वागत करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, 'कल रात राष्ट्रपति जिनपिंग के सम्मान में आयोजित स्टेट डिनर में पूरा टेक वर्ल्ड, बैंकिंग जगत और भी बहुत लोग शामिल होंगे। काश हमारे पास और सीटें होतीं। ये एक बहुत अच्छा स्वागत था और मुझे लगता है कि वो इसकी प्रशंसा करेंगे। उस जगर पर उतरना बहुत अच्छा लगता है जिसे वो अब तक का सबसे सुंदर हेलीपैड मानते हैं।'

ईरान को लेकर जिनपिंग से बातचीत के सवाल पर ट्रंप कहते हैं, 'देखते हैं। मैं उस पर और कई दूसरे मुद्दों पर वार्ता करूंगा।' उन्होंने चीन और अमेरिका को लेकर कहा, ‘हम दुनिया के सबसे सम्मानित देश हैं। दो साल पहले तक हमारा मजाक उड़ाया जाता था। हमें बेवकूफों का झुंड समझा जाता था। हम दुनिया में कहीं भी सबसे सम्मानित देश हैं, कहीं ज्यादा।’

6 महीने में दूसरी बार मिले जिनपिंग-ट्रंप

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 10 साल के लंबे अंतराल के बाद अमेरिका के दौरे पर हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2015 में वॉशिंगटन की यात्रा की थी। इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि पिछले 6 महीने से भी कम समय के भीतर जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली यह दूसरी वार्ता है।

यह भी पढ़ें: 'हम खुद आतंकवाद के शिकार', UNGA में पेजेशकियान का ट्रंप को दो टूक जवाब

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 24 September 2026 at 07:26 IST