अपडेटेड 4 February 2026 at 07:11 IST
Brazil Bus Accident: ब्राजील में यात्रियों से भरी बस पलटी, भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत; कई घायल
ब्राजील में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है, जिसमें 15 लोगों के मारे जाने की सूचना है। बस में बैठे यात्री एक धार्मिक उत्सव से लौट रहे थे, रास्ते में बस हादसे का शिकार हो गई, मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल है, फिलहाल हादसे के पीछे क्या कारण था इसकी जांच की जा रही है।
Brazil Bus Accident: ब्राजील में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है, उत्तर-पूर्वी में अलागोआस राज्य के ग्रामीण इलाके में ये भीषण सड़क हादसा हुआ, विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 60 लोगों से भरी बस एक मोड़ पर बेकाबू होकर सड़क से उतर गई और पलट गई। इस हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर जब मोड़ से बस निकाल रहा था तो अचानक वो संतुलन खो बैठा, जिससे बस पलट गई। कुछ यात्री बस से बाहर कूद गई, जबकि कई लोग बस के नीचे दब गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बताया कि, मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया
स्थानीय प्रशासन ने क्रेन की मदद से बस को सीधा किया और घायलों को निकालकर तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी घायल लोगों का इलाज फिलहाल चल रहा है, उसमें से भी कई लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच शुरू की गई है, शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक की लापरवाही या सड़क की स्थिति को वजह माना जा रहा है। अलागोआस की क्षेत्रीय सरकार ने पुष्टि की है कि अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 5 पुरुष, 7 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बस ‘Our Lady of Candelaria’ (अवर लेडी ऑफ कैंडेलारिया) धार्मिक उत्सव से लौट रही थी। यह त्योहार हर साल 2 फरवरी को पड़ता है और ब्राजील के सेआरा राज्य में हजारों श्रद्धालु इसमें हिस्सा लेते हैं।
एक बच्चा गंभीर रूप से घायल- कर्नल आंद्रे
अलागोआस एविएशन विभाग के निदेशक कर्नल आंद्रे मदीरो ने बताया कि उनकी टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि, 'बस मोड़ पर सड़क से उतरकर पलट गई और कई लोग बाहर की तरफ निकल गए। कुछ लोग बस के नीचे फंस गए थे। यह बहुत भयानक और असामान्य दुर्घटना थी।' घायल यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 4 February 2026 at 06:57 IST