ईरान-इजरायल जंग के बीच पहले मिलाया फोन और अब PM मोदी की तारीफ, राष्ट्रपति ट्रंप बोले- हम दोनों काम करके दिखाने वाले लोग...

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संघर्ष के बीच पीएम मोदी की तारीफ की है। उन्होंने कहा, "मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं।" दोनों नेताओं ने इससे पहले फोन पर बात की थी और होर्मुज को सुरक्षित रखने पर जोर दिया था।

डोनाल्ड ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ | Image: AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से चल रहे संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बार खुलकर तारीफ की है। डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को ऐसे नेता बताया जो नतीजे देते हैं और काम करके दिखाते हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों के और मजबूत होने की भी उम्मीद जताई।

राष्ट्रपति ट्रंप का ये संदेश भारत में स्थिति अमेरिकी दूतावास के जरिए साझा किया गया है। अमेरिकी दूतावास ने ट्रंप का यह संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया। इसमें ट्रंप ने कहा, "भारत के साथ हमारे शानदार संबंध आगे चलकर और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं, हम दो ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं। ऐसी बात ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कही जा सकती।"

मोदी-ट्रंप के बीच हुई फोन पर बात

इस तारीफ से पहले 24 मार्च 2026 को दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष और उससे प्रभावित वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर चर्चा की थी। दोनों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ रखने पर जोर दिया था।

इस क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता के कारण दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है। दोनों नेताओं ने शांति और स्थिरता के प्रयासों पर संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई थी।

ट्रंप का बड़ा ऐलान

इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमलों की रोक को 10 दिन और बढ़ाने का ऐलान किया है। अब नई समय सीमा 6 अप्रैल 2026 तक है। ट्रंप ने दावा किया कि यह फैसला ईरान सरकार के अनुरोध पर लिया गया है और तेहरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। लेकिन ईरान ने इस दावे को खारिज किया है।

ये भी पढ़ें: Balendra Shah: नेपाल के सबसे युवा PM बनें बालेंद्र शाह, क्या है राम नवमी पर '1-2-3-4' पैटर्न? जिसके कारण शपथ ग्रहण के समय में हुआ बदलाव

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 March 2026 at 14:54 IST