अमेरिका में घंटों उड़ानें ठप होने के बाद FAA ने हटाई रोक, ट्रंप प्रशासन ने साइबर हमले से किया इनकार; बताई असल वजह
अमेरिका में शुक्रवार को 13 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित रही। इसका कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी रही। अब परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि समस्या की पहचान करने के बाद एयरस्पेस खोल दिया गया है। हालांकि, अभी सभी उड़ानों के सामान्य संचालन में थोड़ा समय लगेगा।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read
US Flight Chaos: अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के चलते पूरे देश में कई घंटों तक उड़ानों को रोक दिया गया था। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने इस रोक यानी ग्राउंड स्टॉप को हटा दिया है।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सचिव शॉन डफी ने बताया कि देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में परेशानी आने के कारण कई घंटे उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि, अब कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमने समस्या की पहचान कर ली है। हमारे सेंटर और TRACON अभी काम कर रहे हैं। आज रात 8:15 बजे (ईस्टर्न टाइम) हमने एयरस्पेस खोल दिया है।
यात्रियों को एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह
वे आगे कहते हैं, 'अभी सभी उड़ानों के सामान्य संचालन में थोड़ा समय लगेगा। इसलिए अगर आप अभी किसी एयरपोर्ट पर हैं, तो अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। यह इस बात पर निर्भर करता है कि क्या हमारे पास क्रू उपलब्ध है? क्या आपकी उड़ान के लिए पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट मौजूद हैं? अगर हमारे पास क्रू की क्षमता है, तो हम आज रात ज्यादा से ज्यादा उड़ानों को रवाना करने की कोशिश करेंगे। अगर ऐसा नहीं हो पाता है, तो हम कल सुबह अपनी एयरलाइन पार्टनर्स के साथ मिलकर इन विमानों को रवाना करेंगे। लेकिन आज दोपहर जो कुछ हुआ है, उसे पूरी तरह से ठीक करने में हमें कुछ समय लगेगा।'
उड़ानों पर क्यों लगी थी रोक?
शॉन डफी ने बताया कि दोपहर 3:36 बजे हमें पूरे देश में अपने कंट्रोल सेंटर्स और TRACONs (टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल) में रडार और संचार प्रणालियों में अस्थिरता का सामना करना पड़ा। इसके कारण रडार से मिलने वाले डेटा और हवाई जहाजों के साथ हमारे संचार में विसंगतियां आने लगीं। हमारे पास ऐसी स्थितियों के लिए पहले से तय प्रक्रियाएं मौजूद हैं। हमारे पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर अच्छी तरह से प्रशिक्षित हैं। ऐसी स्थिति में हमने 'ग्राउंड स्टॉप' (उड़ानों को जमीन पर रोकने) का आदेश जारी किया। उस समय हवा में 3,500 से अधिक विमान थे। सभी ने सहयोग किया। जब मैंने आखिरी बार देखा तो एयरस्पेस में 400 से कम विमान बचे थे, जो सुरक्षित रूप से उतरने के लिए आ रहे थे। हमने अपनी स्थापित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इस स्थिति को संभाला, जो ऐसी घटनाओं के समय अपनाई जाती हैं।'
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के हार्डवेयर में खराबी
उन्होंने आगे कहा, 'जब हम एयरस्पेस को बंद करते हैं तो अक्सर कुछ बहुत जरूरी उड़ानें होती हैं जिन्हें जारी रखना पड़ता है, जैसे कि मेडिकल इमरजेंसी या कार्गो ऑपरेशन- जिनके जरिए लोगों की जान बचाने वाली दवाएं पहुंचाई जाती हैं। हमारे सभी TRACONs या रडार पूरी तरह से बंद नहीं हुए थे, लेकिन उस अस्थिरता को देखते हुए हमने 'ग्राउंड स्टॉप' लागू किया। हालांकि, हमने जीवन रक्षक उड़ानों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ी उड़ानों को जारी रखने की अनुमति दी थी। मैंने भी मार्कवेन की तरह कई अफवाहें सुनी हैं, लेकिन सच यह है कि हमारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बहुत पुराना हो चुका है। राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से एक बिल्कुल नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बनाने के लिए पूरा फंड देने की मांग कर रहे हैं। असल में पुराने हार्डवेयर में खराबी आने की वजह से यह समस्या हुई।'
क्या साइबर अट्रैक हुआ?
अमेरिका के होमलैंड सुरक्षा सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने कहा, ‘अभी कुछ भी 100 फीसदी भरोसे के साथ नहीं कहा जा सकता है। लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि यह किसी साइबर अट्रैक या किसी अनियंत्रित AI की वजह से हुआ है। हमने अपनी टीमों को काम पर लगा दिया है। हमारे पास जो भी संसाधन हैं, हम उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है।’ इसके अलावा उन्होंने यह भी साफ किया कि इस घटना का माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से किसी तरह का संबंध नहीं है।
यह भी पढ़ें: 'निजता की आड़ में देश के खिलाफ साजिश की इजाजत नहीं', राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे पर बोले आचार्य प्रमोद कृष्णम
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 14 November 2026 at 09:21 IST