पहले देश को जंग में झोंका, अब ट्रंप ने तोड़ डाली 165 साल पुरानी परंपरा... डॉलर पर होंगे राष्ट्रपति के साइन, इस सोने के सिक्के पर होगी फोटो

Trump Signature On US Currency: अमेरिका में पहली बार राष्ट्रपति Donald Trump के सिग्नेचर अमेरिकी करेंसी पर छपेंगे, जो 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के मौके पर जारी किए जाएंगे।

Trump Signature US Currency | Image: Social Media

Trump Signature On US Currency: मिडिल ईस्ट में पिछले 28 दिनों से अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी है। इसी बीच बताया जा रहा है कि अमेरिका में 165 साल पुरानी परंपरा टूटने जा रही है। दरअसल, नए अमेरिकी करेंसी में अब राष्ट्रपति ट्रंप का साइन दिखेगा। इस घोषणा ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है, क्योंकि यह पहली बार होगा जब किसी पद पर आसीन राष्ट्रपति के साइन करेंसी पर अंकित किए जाएंगे।

टूटेगी 165 साल पुरानी परंपरा

बता दें, यह बड़ा फैसला 250वीं स्वतंत्रता वर्ष के मौके पर लिया गया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। दिलचस्प है कि 1861 से अब तक अमेरिकी करेंसी पर 'ट्रेजरर ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स' के साइन होते थे, जिसे अब हटाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही 165 साल पुरानी परंपरा अब टूट जाएगी।

ट्रंप के साथ होंगे वित्त मंत्री के हस्ताक्षर 

ट्रेजरी के मुताबिक, जून से 100 डॉलर के नए नोट छापे जाएंगे, जिन पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साइन होंगे। यही नहीं, नए 100 डॉलर नोटों पर ट्रंप के साथ वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent) के हस्ताक्षर भी होंगे। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी जारी किए जाएंगे। वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के मुताबिक, यह पहल देश की आर्थिक प्रगति और ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाने के लिए ली गई है।

सोने के सिक्के पर ट्रंप की फोटो

इसके अलावा अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के मौके पर एक खास ट्रंप की तस्वीर वाला 24 कैरेट गोल्ड स्मारक सिक्का भी लॉन्च किया जाएगा। इस प्रस्तावित 24 कैरेट गोल्ड कॉइन में ट्रंप को 'रिजॉल्यूट डेस्क' पर झुके और मुट्ठी भींचे हुए दर्शाया गया है।

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति की तस्वीर स्मारक सोने के सिक्के पर छप रही है। इससे पहले कॉल्विन कूलिज 1926 में अमेरिका की आजादी के 150 साल पूरे होने पर जारी स्मारक सिक्के में जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ नजर आए थे। दिलचस्प है कि अमेरिकी कानून आमतौर पर किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर को मुद्रा पर छापने की अनुमति नहीं देता।

4 जुलाई को अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस 

गौरतलब हो कि अमेरिका ने 4 जुलाई 1776 को स्वतंत्रता की घोषणा की थी। इस दिन अमेरिकन डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस को अपनाया गया, जिसमें 13 अमेरिकी उपनिवेशों ने ग्रेट ब्रिटेन से आजादी का ऐलान किया। इसी वजह से हर साल 4 जुलाई को अमेरिका में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।

ये भी पढे़ें:  Sarkari Naukri 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए एक शानदार मौका, EPFO में 153 पदों पर निकली भर्ती, कैसे करें आवेदन?
 

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 27 March 2026 at 18:50 IST