'टेक्नोलॉजी हमारी साझेदारी का एक अहम स्तंभ', स्लोवाकिया में बोले PM मोदी, भारत संग हुए कई अहम समझौते

PM Modi Slovakia Visit: स्लोवाकिया में पीएम मोदी ने कहा कि हमारे द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग में हुई प्रगति हमारे लिए संतोष की बात है, लेकिन हमारी क्षमता बहुत ज्यादा है। हमारी आकांक्षाएं और भी बड़ी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Image: Video Grab

PM Modi in Slovakia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया में हैं। यहां उन्होंने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने ब्रातिस्लावा में द्विपक्षीय बातचीत की। इस दौरान दोनों देशों के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ। पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के पीएम का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्हें एक अनुभवी नेता और भारत का सच्चे मित्र बताया।

भारतीय PM की स्लोवाकिया की पहली यात्रा 

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी दोस्ती और अटूट प्रतिबद्धता ने भारत-स्लोवाकिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुझे खुशी है कि आज मुझे उनसे मिलने और हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने का अवसर मिला। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है। मुझे खुशी है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर हमने अपने संबंधों को 'व्यापक साझेदारी' (Comprehensive Partnership) के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया है। यह हमारे साझा विश्वास, साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि आज प्रधानमंत्री और मैंने इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि हमारे सहयोग को नई दिशा और नई ऊर्जा कैसे दी जाए। हमारे द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग में हुई प्रगति हमारे लिए संतोष की बात है, लेकिन हमारी क्षमता बहुत ज्यादा है। हमारी आकांक्षाएं और भी बड़ी हैं। ऑटोमोबाइल, रेलवे, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन टेक्नोलॉजी हमारे लिए विशेष रुचि के क्षेत्र हैं।

June 15, 2026

पीएम मोदी ने कहा कि आज हमने इन सभी क्षेत्रों में अपनी ताकतों को मिलाया और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। मैं भारत-EU FTA को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हम इसे जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में काम करेंगे जिससे दोनों देशों के उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारियों को ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि टेक्नोलॉजी हमारी भविष्य की साझेदारी का एक अहम स्तंभ है। आज डिजिटल टेक्नोलॉजी पर हुए MoU से डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर में सहयोग की नई संभावनाएं खुलेंगी। मुझे खुशी है कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में AI पर 'इंडिया चेयर' स्थापित की जा रही है।

अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं- PM मोदी

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में हमारे बीच सहयोग बढ़ाने की बहुत संभावनाएं हैं।आज भारत में अंतरिक्ष सेक्टर अभूतपूर्व गति से नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मैं स्लोवाकिया की कंपनियों को इस विकास यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं। सिविल न्यूक्लियर एनर्जी भी दोनों देशों के लिए एक अहम प्राथमिकता वाला क्षेत्र है... रक्षा सहयोग हमारे गहरे आपसी भरोसे और रणनीतिक तालमेल का प्रमाण है। मुझे खुशी है कि हमने आज इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में 'लेटर ऑफ इंटेंट' पर हस्ताक्षर किए। इससे रक्षा उद्योग के बीच संयुक्त विकास, संयुक्त उत्पादन और सहयोग को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भारत और स्लोवाकिया वैश्विक मंच पर भी आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हम इस बात पर सहमत हैं कि सभी विवादों और तनावों का समाधान शांतिपूर्ण ढंग से किया जाना चाहिए। आज हमने दोनों देशों के बीच पेशेवरों और कुशल कामगारों की आवाजाही को बढ़ावा देने के लिए श्रम प्रवास पर एक MoU की घोषणा की है। हम जल्द ही सामाजिक सुरक्षा पर भी एक MoU को अंतिम रूप देंगे।

यह भी पढ़ें: संकट में US Iran डील, भड़का इजरायल; नेतन्याहू के मंत्री की दो टूक- अमेरिका के गुलाम नहीं, हम दबाव के आगे घुटने नहीं टेकेंगे क्योंकि…ॉ

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 15 June 2026 at 16:08 IST