अपडेटेड 24 July 2025 at 18:17 IST

लैंडिंग से पहले राडार से गायब, चीन बॉर्डर के पास घने जंगलों में क्रैश...रूसी विमान हादसे में सभी 50 लोगों की मौत; पुतिन ने क्या कहा?

रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां चीन सीमा के पास लापता हुए विमान का मलबा मिला है।

लैंडिंग से पहले राडार से गायब, चीन बॉर्डर के पास घने जंगलों में क्रैश...रूसी विमान हादसे में सभी 50 लोगों की मौत; पुतिन ने क्या कहा? | Image: Pixabay

Russia Plane Crash: रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां चीन सीमा के पास लापता हुए विमान का मलबा मिला है। जी हां अब साफ हो गया है कि एंटोनोव एएन-24 यात्री विमान क्रैश हो गया है और इसमें सवार सभी 50 लोगों की मौत हो गई है। विमान का संपर्क गंतव्य पर पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से टूट गया था। रूसी आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि विमान का मलबा जंगल में जलता हुआ मिला। 

यह विमान अंगारा एयरलाइंस (Angara Airlines accident) का था और इसमें दो प्रोपेलर लगे थे। एएन-24 नाम का यह विमान दोपहर करीब 1 बजे (स्थानीय समयानुसार) रडार से गायब हो गया था। खोज अभियान के तहत जब यह विमान अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर के पास जंगलों में मिला, तो वहां से धुआं उठता देखा गया।

हादसे में कोई नहीं बचा

स्थानीय प्रशासन और राहत दलों ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन जब मलबे तक पहुंचा गया, तो वहां किसी जीवित व्यक्ति के होने का कोई सबूत नहीं मिला। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी 50 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वह स्थान काफी दुर्गम और घना जंगल क्षेत्र है, जिससे बचावकर्मियों को मलबे तक पहुंचने में भी काफी दिक्कत आई। वीडियो फुटेज से मिली स्थिर तस्वीरों में दुर्घटनास्थल से गहरे धुएं के गुबार उठते हुए देखे जा सकते हैं।

क्या है An-24 विमान की खासियत?
 
AN-24 का पूरा नाम Antonov-24 है, जो एक सोवियत निर्मित मध्यम दूरी का डबल इंजन टर्बोप्रॉप यात्री विमान है। इसे मुख्य रूप से कम दूरी की उड़ानों के लिए बनाया गया है और क्षेत्रीय उड़ानों के लिए इसका इस्तेमाल होता है। ये पहली बार 1959 में उड़ा था और इसे रूसी, पूर्वी यूरोप और एशिया के कठिन इलाकों में उड़ान भरने के लिए डिजाइन किया गया था। 

ये विमान लगभग 1,500 से 2,000 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है, जो इसे क्षेत्रीय उड़ानों के लिए परफेक्ट बनाता है। इसकी खासियत ये है कि ये कम दूरी के रनवे से टेकऑफ और लैंडिंग कर सकता है, जो इसे दूर-दराज और पहाड़ी इलाकों के लिए उपयुक्त बनाता है। इसके मजबूत और भरोसेमंद डिजाइन की वजह से इसे कार्गो विमान और सैन्य परिवहन में भी इस्तेमाल किया जाता है।

पुतिन ने शोक जताया

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हादसे पर शोक जताया है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। उधर अंतरराष्ट्रीय विमानन एजेंसियों ने रूस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। सोशल मीडिया पर लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

इसे भी पढ़ें- India-UK Free Trade Deal: भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड डील डन, आपकी जेब पर कितना असर; कौन-कौन सी चीजें होंगी सस्ती?

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 24 July 2025 at 18:17 IST