अपडेटेड 24 August 2025 at 16:21 IST
ना कोई इमरजेंसी सिग्नल, ना कोई रेडियो संपर्क... ऑस्ट्रेलिया के आसमान से कहां गायब हो गया पैसेंजर विमान? 22 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं
Australia Plane Disappear: 2 अगस्त 2025 को ऑस्ट्रेलिया के आसमान से एक छोटा सा पैसेंजर प्लेन गायब हो गया। 22 दिन बाद भी उस प्लेन की कोई खबर नहीं है।
Australia Plane Disappear: 2 अगस्त 2025 को ऑस्ट्रेलिया के आसमान से एक छोटा सा पैसेंजर प्लेन गायब हो गया। 22 दिन बाद भी उस प्लेन की कोई खबर नहीं है।
हैरानी की बात ये है कि गायब होने से पहले प्लेन से कोई इमरजेंसी सिग्नल या रेडियो संपर्क नहीं हुआ था। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आ रहा कि उस प्लेन को हवा उड़ा ले गई, या आसमान निगल गया।
क्या हुआ था प्लेन के साथ?
इस प्लेन में 72 साल के ग्रेगरी वॉन, 66 साल की किम वार्नर, और उनका कुत्ता मॉली सवार थे। तस्मानिया के जॉर्ज टाउन एयरपोर्ट से प्लेन ने दोपहर करीब 12 बजकर 45 मिनट पर टेकऑफ किया। विक्टोरिया में कुछ देर रुकने के बाद उन्हें न्यू साउथ वेल्स के हिल्सटन एयरपोर्ट के लिए रवाना होना था। इस दौरान बास स्ट्रेट के विशाल समुद्र के ऊपर से गुजरते हुए विमान को अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचना था।
बताया जा रहा है कि शाम पांच बजे तक उनकी कोई खबर नहीं मिली तो उनका परिवार और उनके दोस्त बेचैन होने लगे। इसके बाद एयरपोर्ट अधिकारियों से संपर्क किया गया। ऑस्ट्रेलियाई समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण ने बिना किसी देरी के सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आपको बता दें कि 22 दिनों तक तलाशी के बाद भी अभी तक प्लेन का ना कोई मलबा मिला है, और ना कोई भी सिग्नल।
इमरजेंसी सैटेलाइट बीकन भी साइलेंट
तस्मानिया पुलिस ने मीडिया को बताया कि ग्रेगरी एक एक्सपीरिएंस्ड पायलट थे। हालांकि, उनका प्लेन नया था। पुलिस का कहना है कि छोटे प्लेन की निगरानी करना मुश्किल होता है। ऐसे में उनके लिए ये नियम होता है कि वो तट छोड़ने से पहले एयर सर्विसेज को इसकी जानकारी दें। हालांकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके अलावा, प्लेन से कोई इमरजेंसी सिग्नल भी नहीं भेजा गया था। अगर कोई हादसा हुआ होता तो इमरजेंसी सैटेलाइट बीकन एक्टिव होना चाहिए था, लेकिन वो भी साइलेंट है। ऐसे में किसी को समझ नहीं आ रहा है कि प्लेन आसमान से कहां गायब हो गया।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 24 August 2025 at 16:21 IST