EXPLAINER/ PM मोदी के कीव दौरे में जेलेंस्की के लिए क्या है... US मीडिया में पुतिन से 'दोस्ती' का जिक्र क्यों?
PM Modi Ukraine Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड के बाद अब यूक्रेन दौरे पर गए हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
PM Modi Ukraine Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड के बाद अब यूक्रेन दौरे पर गए हैं। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। PM मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की और मैंने कीव में मार्टिरोलॉजिस्ट प्रदर्शनी में श्रद्धांजलि अर्पित की।
आपको बता दें कि PM मोदी के यूक्रेन दौरे ने दुनियाभर की निगाहें कीव पर स्थिर कर दी हैं। दुनिया के अधिकतम देशों की नजर इस बात पर टिकी है कि PM मोदी के कीव दौरे से रूस-यूक्रेन युद्ध के लिए क्या निकलकर आता है।
US मीडिया में पुतिन से 'दोस्ती' का जिक्र क्यों?
PM मोदी के कीव दौरे को लेकर अमेरिकी मीडिया में चर्चा तेज है। अमेरिकी मीडिया में PM मोदी के इस दौरे को जेलेंस्की के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। इसमें साफ तौर से लिखा गया है कि कीव में भारतीय प्रधानमंत्री की उपस्थिति ही शायद इस वक्त का सबसे अधिक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
PM मोदी के कीव दौरे के लेकर यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा है कि रूस के साथ घनिष्ठ व्यापारिक संबंध और युद्ध पर राजनीतिक तटस्थता रखने वाले किसी देश के नेता की यह सर्वोच्च प्रोफाइल यात्रा है।
अमेरिकी मीडिया में लिखा गया है कि संघर्ष के आरंभ में मोदी ने सार्वजनिक रूप से आक्रमण के लिए रूस की आलोचना की थी और 2022 में एक बैठक में पुतिन से कहा था कि यह युद्ध का समय नहीं है। अब मोदी कीव दौरे पर हैं, जबकि यूक्रेनी सैनिकों ने रूस के एक बड़े क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। वहीं, दूसरी ओर कुलेबा ने कहा कि मोदी की यह यात्रा तटस्थ देशों पर युद्धरत देशों के साथ अपने संबंधों में संतुलन दिखाने के लिए दबाव डालने के प्रयास में कीव के लिए एक बड़ी कूटनीतिक सफलता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यूक्रेन संभावित वार्ता में भारत की मध्यस्थता की भूमिका नहीं चाह रहा है।
वॉर जोन में पहुंचकर PM मोदी ने क्या संदेश दिया?
यूक्रेन की राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ नेशनल म्यूजियम गए, जहां शहीद प्रदर्शनी में बच्चों की स्मृति को नमन किया। यूक्रेन की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कीव में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जाकर अपने कार्यक्रम की शुरुआत की, जहां उन्होंने प्रार्थना की। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से ये किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यूक्रेन की पहली यात्रा है।
यूक्रेन राष्ट्रीय संग्रहालय में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की बातचीत करते हुए दिखे। वॉर जोन में पहुंचे पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को अपने गले लगाया और कंधे पर हाथ रखकर बात करते रहे।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 23 August 2024 at 16:50 IST