APEC Summit: 'मुलाकात का बेसब्री से इंतजार है, मुझे लगता कुछ है कुछ बड़ा...', जिनपिंग और पुतिन के साथ होने वाली मीटिंग को लेकर बोले ट्रंप
रूस, चीन और अमेरिका के बीच होने वाली त्रिपक्षीय बैठक को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हम अपनी मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमारे बीच कई सालों से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं।"
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत 21 अर्थव्यवस्थाओं के राष्ट्राध्यक्ष आज चीन के शेन्जेन शहर में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान एक ही मंच पर मौजूद हैं। 33वें एपीईसी आर्थिक नेताओं के शिखर सम्मेलन के इतर रूस, चीन और अमेरिका के बीच एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय बैठक भी होने वाली है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है। इस 'महामुलाकात' पर ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है।
चीन के शेन्जेन में चल रहे एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान त्रिपक्षीय मुलाकात से पहले गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान ट्रंप ने तीन महाशक्तियों की होने वाली बैठक को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की।
‘महामुलाकात’ पर ट्रंप ने क्या कहा?
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हम अपनी मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमारे बीच कई सालों से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। हम एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। मुझे लगता है कि इससे कई बेहतरीन नतीजे निकल सकते हैं, या कम से कम इसकी शुरुआत तो हो ही सकती है। बल्कि मुझे तो लगता है कि इससे अच्छे नतीजे जरूर निकलेंगे। जैसा कि आप शायद जानते हैं, हमारी बाद में एक और मुलाकात भी होगी। लेकिन अभी हम यह मुलाकात कर रहे हैं, और यह बहुत अच्छी रहने वाली है।"
रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा संभव
सूत्रों के अनुसार, थोड़ी देर में होने वाली इस बहुप्रतीक्षित त्रिपक्षीय बैठक के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों, परमाणु हथियारों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों तथा अन्य अहम वैश्विक और रणनीतिक विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान तीन प्रमुख शक्तियों के नेताओं का एक साथ बैठना अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 19 November 2026 at 14:07 IST