APEC Summit: चीन में 'महामुलाकात' आज, ट्रंप-जिनपिंग और पुतिन की होगी मीटिंग, 80 साल में पहली बार 3 सुपरपावर्स बैठेंगे एकसाथ
दुनिया की तीन सबसे बड़ी सैन्य और आर्थिक शक्तियों के ये नेता इतिहास में पहली बार एक ही मंच और एक ही मेज पर नजर आएंगे। आज होनी वाली बैठक कई मायनों में बेहद अहम मानी जा रही है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार,19 नवंबर 2026 को चीन के शेनझेन शहर में एक साथ बैठने वाले हैं। दुनिया की तीन सबसे बड़ी सैन्य और आर्थिक शक्तियों के ये नेता इतिहास में पहली बार एक ही मंच और एक ही मेज पर नजर आएंगे। यह मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के इतर हो रही है। कुछ इसे ‘याल्टा 2.0’ बता रहे हैं, तो कुछ इसे महज एक ‘शानदार फोटो ऑप’ करार दे रहे हैं।
ट्रंप-पुतिन पहुंचे चीन
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन बुधवार को APEC सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन पहुंचे। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया गया। इससे पहले 18 नवंबर की शाम को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भी दोनों शामिल हुए।
आज होगी महाशक्तियों की महामुलाकात
आज होनी वाली बैठक कई मायनों में बेहद अहम मानी जा रही है। 1945 में द्वितीय विश्व युद्ध के अंत में अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के नेताओं ने याल्टा में बैठकर युद्ध के बाद की दुनिया का नक्शा तय किया था। उस बैठक में यूरोप के भविष्य का फैसला उन देशों की मौजूदगी के बिना लिया गया था, जिनका भविष्य तय हो रहा था। अब जब ट्रंप, शी और पुतिन एक साथ बैठ रहे हैं, तो यूरोप और कई अन्य देशों में यह आशंका बढ़ गई है कि कहीं तीन बड़ी ताकतें मिलकर दुनिया को अपने-अपने ‘प्रभाव क्षेत्रों’ में बांटने की कोशिश न करें।
बैठक में परमाणु हथियारों पर चर्चा संभव
बैठक के एजेंडा को लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी नहीं आई है। मगर ट्रंप ने संकेत दिए है कि शी और पुतिन के साथ होने वाली इस बैठक में वे परमाणु हथियारों को सीमित करने और 2022 से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर चर्चा करेंगे। पहले ट्रंप के सहयोगियों ने कहा था कि यूक्रेन युद्ध चीन दौरे के एजेंडे में नहीं है, लेकिन मंगलवार को ट्रंप ने कहा कि हर महीने हजारों रूसी सैनिकों की मौत से अब इस संघर्ष को सुलझाने का रास्ता खुल सकता है।
Advertisement
जेलेंस्की की बड़ी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि सालों से जारी रूस-युक्रेन युद्ध को सुलझाने के बेहद करीब हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक से किसी बड़े ठोस नतीजे की उम्मीद फिलहाल कम ही है। वहीं, दूसरी ओर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने साफ चेतावनी दी है कि यूक्रेन ‘याल्टा 2, 3 या 4’ नहीं चाहता। उनका रुख स्पष्ट है-‘यूक्रेन के बारे में, यूक्रेन के बिना कोई फैसला नहीं।’
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने भी तीसरे देशों द्वारा यूक्रेन की किस्मत तय करने की किसी भी कोशिश को पूरी तरह नामंजूर बताया है। दक्षिण कोरिया को भी डर है कि कहीं यह बैठक उत्तर कोरिया को परमाणु शक्ति के रूप में मान्यता देने जैसा कोई कदम न उठाए।
Advertisement
यह भी पढ़ें: लश्कर कमांडर लतीफ भट कुलगाम मुठभेड़ में ढेर