Tibet Earthquake: तिब्बत में आए विनाशकारी भूकंप से अब तक 16 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल; सैकड़ों घर जमींदोज; जानें कितनी थी तीव्रता
भूकंप के झटकों से तिब्बत का पूरा इलाका कांप उठा। अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सैकड़ों घर ढह गए हैं। राहत-बचाव कार्य अब भी जारी है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
तिब्बत में आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। 7.0 तीव्रता के जोरदार झटकों से जान-माल को काफी नुकसान हुआ है। भूकंप की वजह से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। सैकड़ों घर जमींदोज हो गए है। मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है।
गुरुवार रात आए जोरदार भूकंप के झटकों से तिब्बत का पूरा इलाका कांप उठा। झटके महसूस होते ही लोग दहशत में घरों और होटलों से बाहर भागने लगे। मकान और गाड़ियां हिलने लगीं। सीसीटीवी फुटेज में दुकानों के अंदर रखे सामान रैक से गिरते दिखे। नाग्चू शहर में भूकंप से सबसे ज्यादा तबाही मची है। सैकड़ों घर ढह गए हैं। भूकंप से अब तक 16 लोगों की जान चली गई।
तिब्बत में भूकंप से तबाही
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भारतीय समयानुसार रात करीब 8:03 बजे 7 तीव्रता का यह भूकंप आया। भूकंप का केंद्र राजधानी ल्हासा से लगभग 400 किलोमीटर दूर उत्तरी तिब्बत के नाग्चू (नागकू) शहर के पास जमीन से करीब 173 किलोमीटर की गहराई में था। जानकारी के मुताबिक यह झटका नाग्चू क्षेत्र के एक काउंटी में महसूस किया गया। नाग्चू में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
पांच सालों में तिब्बत में सबसे बड़ा भूकंप
भूकंप के बाद आसपास के इलाकों में 3 से 4 तीव्रता के कई हल्के झटके भी दर्ज किए गए। यह पिछले 5 वर्षों में तिब्बत क्षेत्र में आया सबसे बड़ा भूकंप है। नास्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। तिब्बत में भूकंप उस समय आया है, जब हाल में भी नेपाल-चीन बॉर्डर में जल प्रलय का रौद्र रूप देखा गया था, जिसमें करीब 1400 लोगों की मौत हो गई थी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 23 October 2026 at 07:32 IST