अपडेटेड 24 April 2023 at 18:22 IST
Sudan में फंसे भारतीयों के लिए मोदी सरकार का 'ऑपरेशन कावेरी', 500 लोग पहुंचे पोर्ट, तैनात है INS Sumedha
Operation Kaveri: सूडान में अभी तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। पीएम मोदी ने सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी चलाया है।
Sudan Crisis: सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए भारत सरकार ने 'ऑपरेशन कावेरी' की शुरुआत की है। विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि सूडान पोर्ट पर 500 से ज्यादा भारतीय पहुंच चुके हैं।
जान लें कि सूडान में भड़की हिंसा के बाद विभिन्न देश अपने नागरिकों को वहां से निकालने में जुट गए हैं। अभी तक सूडान में 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस हिंसा के दौरान एक भारतीय नागरिक की भी मौत हो गई थी, जिसके बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जानकारी दी थी।
वायुसेना के 2 विमान उड़ान भरने को तैयार
विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे (विमान) अभी सउदी अरब के शहर जेद्दा में उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गए हैं और आईएनएस सुमेधा पोर्ट सूडान पहुंच गया है। हालांकि, सूडानी एयर स्पेस सभी विदेशी विमानों के लिए बंद है और जमीन पर आवाजाही करने में भी खतरा है।
सूडान के भारतीय दूतावास के मुताबिक, सूडान की राजधानी खार्तूम में करीब 2,800 भारतीय नागरिक हैं। खार्तून में करीब 1,200 लोगों का का एक भारतीय समुदाय है, जो करीब 150 सालों से देश में रह रहा है।
यह भी पढ़ेंः 'ताइवान में गश्त के लिए भेजी जाए यूरोपीय सेना', EU के राजनयिक जोसेप बोरेल के बयान से चीन में खलबली
फ्रांस की एयरलिफ्ट में पांच भारतीय को निकाला
सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए फ्रांस ने भी ऑपरेशन शुरू किया है। फ्रांस ने तीन एयरफोर्स विमानों में करीब 500 लोगों को सूडान से निकाला है, जिसमें पांच भारतीय लोग भी शामिल है।
इसके अलावा, साउदी अरब ने भी 28 देशों की मदद करने के लिए 388 लोगों को सूडान से निकाला है। इसमें कई भारतीयों को भी सूडान से निकाला गया है। हालांकि, साउदी अरब ने सूडान से निकाले गए भारतीयों की संख्या अभी तक नहीं बताई है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 24 April 2023 at 18:22 IST