हथियार डालने को तैयार हमास, गाजा से पीछे हटेगी इजरायली सेना; ट्रंप ने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के तहत समझौते का किया ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'बोर्ड ऑफ पीस' के तहत समझौते का ऐलान किया, जिसके अनुसार हमास और सभी सशस्त्र समूह पूर्ण निशस्त्रीकरण को तैयार हैं। हमास के हथियार डालते ही इजरायली सेना चरणबद्ध तरीके से गाजा से वापस लौट जाएगी।

डोनाल्ड ट्रंप ने शांति समझौते की घोषणा की | Image: AP

Israel-Hamas Peace Deal: पश्चिम एशिया में बीते कई महीनों से जारी भीषण संघर्ष के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कूटनीतिक मोड़ आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि नवगठित 'बोर्ड ऑफ पीस' (Board of Peace) ने गाजा में शांति बहाल करने के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर सहमति बना ली है।

इस समझौते के तहत हमास और गाजा में सक्रिय अन्य सभी सशस्त्र समूह पूरी तरह से अपने हथियार डालेंगे (निशस्त्रीकरण करेंगे)। इसके बदले में इजरायली रक्षा बल (IDF) चरणबद्ध तरीके से गाजा पट्टी से अपनी पूरी सेना वापस बुला लेगा।

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का बड़ा ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस समझौते की जानकारी साझा करते हुए इसे मध्य पूर्व में स्थायी शांति की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि इजरायल की सेना का गाजा से पीछे हटना सीधे तौर पर हमास के हथियार डालने की गति पर निर्भर करेगा। जैसे-जैसे सशस्त्र समूहों का निरस्त्रीकरण पूरा होता जाएगा, इजरायली सैनिक गाजा के इलाकों को खाली कर अपने देश लौटते जाएंगे।

समझौते के तहत हमास सहित गाजा के सभी छोटे-बड़े हथियारबंद गुट अपने भारी और हल्के हथियार सौंपेंगे। निशस्त्रीकरण की प्रक्रिया के साथ-साथ इजरायल अपनी सेना (IDF) को गाजा से बाहर निकालेगा। गाजा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति निगरानी के लिए एक 'अंतर्राष्ट्रीय स्थिरीकरण बल' (International Stabilization Force) तैनात किया जाएगा, जो स्थानीय फिलिस्तीनी नागरिक पुलिस के साथ मिलकर काम करेगा।

साथ ही गाजा के पुनर्निर्माण (Reconstruction) और आम नागरिकों तक मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए एक नई नागरिक प्रशासनिक व्यवस्था बनाई जाएगी, जिसका किसी भी चरमपंथी संगठन से संबंध नहीं होगा।

मध्यस्थ देशों की अहम भूमिका

इस जटिल और बहुस्तरीय वार्ता को सफल बनाने में कूटनीतिक मध्यस्थता करने वाले तीन प्रमुख देशों मिस्र, कतर और तुर्की की भूमिका बेहद अहम रही। ट्रंप ने इन तीनों देशों के शीर्ष नेतृत्व और अमेरिकी कूटनीतिक टीम के प्रयासों का आभार व्यक्त किया।

ट्रंप ने कहा कि 7 अक्टूबर को गाजा से जो खतरा पैदा हुआ था, उसे फिर से पनपने नहीं दिया जाएगा। इस समझौते के तहत, गाजा आखिरकार एक ऐसी नई फिलिस्तीनी सरकार के हाथों में होगा जो अपने लोगों की सेवा करेगी।

यह भी पढ़ें: क्या जंग के बीच ईरान को सैकड़ों हथियार भेज रहा चीन? रिपोर्टर के सवाल पर जिनपिंग पर भड़क गए थे ट्रंप, अब ड्रैगन का आया जवाब

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 31 July 2026 at 07:45 IST