अपडेटेड 11 July 2024 at 08:05 IST
ब्रिटिश संसद में 'इंडियन बेटी' शिवानी राजा ने गीता पर हाथ रखकर ली शपथ, मुंह ताकते रह गए अंग्रेज
Shivani Raja: ब्रिटेन में भारतीय मूल की कंजर्वेटिव सांसद शिवानी राजा ने संसद में भगवद गीता के साथ सांसद के रूप में शपथ ली है। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा।
Shivani Raja: ब्रिटेन में सरकार बदल चुकी है। यूके के आम चुनावों में किएर स्टार्मर की लेबर पार्टी ने बहुमद हासिल करते हुए सरकार बना ली है और 14 सालों तक विपक्ष में बैठने के बाद आखिरकार सत्ता में वापसी कर ली है। सांसदों ने संसद में शपथ ली जिसमें शिवानी राजा एक वजह से चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, ब्रिटेन में भारतीय मूल की कंजर्वेटिव सांसद शिवानी राजा ने संसद में भगवद गीता के साथ सांसद के रूप में शपथ ली है।
इसका वीडियो खुद शिवानी राजा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया है जो वायरल हो रहा है। उन्हें लीसेस्टर ईस्ट सीट से जीत हासिल हुई है। शिवानी राजा ने लेबर उम्मीदवार राजेश अग्रवाल को 14 हजार से ज्यादा वोटों से करारी शिकस्त दी थी।
ब्रिटेन में सांसद शिवानी राजा ने गीता के साथ ली शपथ
शिवानी राजा ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें दिख रहा है कि कैसे वो अपने हाथ में भगवद गीता लेकर सांसद पद की शपथ ग्रहण करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा है- मेरे लिए लीसेस्टर ईस्ट का प्रतिनिधित्व करने के लिए आज संसद में शपथ लेना सम्मान की बात रही। मुझे गीता पर महामहिम राजा चार्ल्स के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ लेते हुए सचमुच में गर्व महसूस हो रहा है।
लेबर पार्टी का गढ़ मानी जाती थी लीसेस्टर ईस्ट सीट
आपको बता दें कि लीसेस्टर ईस्ट की सीट को लेबर पार्टी का गढ़ माना जाता था क्योंकि इस सीट से 1987 से लेबर पार्टी का ही उम्मीदवार जीत कर ससंद पहुंचा है। हालांकि, इस बार कंजर्वेटिव पार्टी की शिवानी राजा ने ये सीट जीतकर इतिहास रच दिया है और लेबर पार्टी का इस सीट पर वर्चस्व खत्म कर दिया है।
27 भारतीय मूल के उम्मीदवारों की फतेह
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस बार यूके के आम चुनाव में भारतीय मूल के कुल 27 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। भारतीय मूल के ऋषि सुनक भले ही अब पीएम नहीं रहे लेकिन संसद में भारतीयों मूल के सांसदों का बोलबाला रहेगा। वहीं, संसद में 263 महिला उम्मीदवार जीतकर पहुंची हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 11 July 2024 at 08:05 IST