रूस ने यूक्रेन के रिहायशी इलाके में दागी मिसाइल, खारकीव में किराना स्टोर पर हमला, 3 की मौत, बच्चे समेत कई घायल; सामने आया खौफनाक VIDEO
खारकीव के पास बसे पिसोचिन इलाके में रिहायशी जगह पर रूसी मिसाइल हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। मिसाइल हमले के बाद पूरे इलाके में आग लग गई। हमले का CCTV सामने आया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
रूस और यूक्रेन के बीच जंग एक बार फिर भीषण हो गया है। दोनों देशों की ओर से हमले तेज हो गए है। रूस ने अब यूक्रेन के रिहायशी इलाके को निशाना बनाया है। खारकीव (Kharkiv) शहर के एक आवासीय इलाके में स्थित किराने की दुकान (Grocery Store) पर रूसी मिसाइलें गिरी है। हमले में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए हैं। हमले का खौफनाक वीडियो सामने आया है।
यूक्रेन की नेशनल पुलिस ने बताया कि खारकीव के पास बसे पिसोचिन इलाके में रिहायशी जगह पर रूसी मिसाइल हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई स्थानीय लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों में एक 16 साल का लड़का, 19 साल की महिला और एक 51 साल की महिला शामिल थी। यह हमला एक किराने की दुकान और कई रिहायशी इमारतों के पास हुआ।
हमले में 3 की मौत, 9 घायल
स्थानीय अधिकारियों और सैन्य प्रशासन के मुताबिक, इस हमले में दो बच्चों समेत 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह भीषण धमाका सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है, जिसमें हमले के बाद चारों तरफ मलबा बिखरते और आग की लपटें उठती देखी जा सकती हैं। मलबे में तबाही के साथ-साथ दुकान के पास खड़ी पांच गाड़ियां भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।
जेलेंस्की ने की हमले की निंदा
राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा, "सिर्फ इस हफ्ते रूस ने लगभग 1,450 हवाई बम, अलग-अलग तरह की 75 मिसाइलें और 1,640 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं, जिनमें से लगभग 60% जेट-पावर्ड हैं।" यूक्रेन के शहरों में आम लोगों के बुनियादी ढांचे पर रूस लगातार घातक हमले करता रहता है। फ्रंट लाइन के पास होने के कारण खारकीव अक्सर ही निशाने पर रहता है। 11 अक्टूबर को ही, शहर के नेमिशल्यांस्की जिले में दो ग्लाइड बम गिरे, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम आठ अन्य घायल हो गए।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 12 October 2026 at 08:56 IST