Petrol Price: पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत पहुंची 458 रुपये प्रति लीटर... तो जहां है तेल का भंडार, उस ईरान में क्या है रेट?

ईरान युद्ध के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे कई देशों में पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया। पाकिस्तान में पेट्रोल 42.7% बढ़कर 458.40 रुपये प्रति लीटर और डीजल 54.9% बढ़कर 520.35 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। भारत में पेट्रोल अभी करीब 95 रुपये/लीटर है।

ईरान में क्या है पेट्रोल का रेट? | Image: AP

ईरान और इजरायल-अमेरिका युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों को बुरी तरह प्रभावित किया है। कच्चे तेल की दाम तेजी से बढ़ने के कारण दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल के दामों में तेज उछाल देखा जा रहा है। कई देशों में ईंधन महंगा होने से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है और महंगाई भी बढ़ रही है।

ईरान युद्ध का पड़ोसी देश पाकिस्तान में सीधा असर दिख रहा है। पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी उछाल हुआ है। ईरान संकट के बाद पाकिस्तान सरकार ने ईंधन की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। वहां डीजल की कीमत में करीब 54.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद यह 520.35 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। पेट्रोल की कीमत में लगभग 42.7 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और अब यह 458.40 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है।

पाकिस्तान में बढ़ती तेल की कीमतों का असर ट्रांसपोर्ट पर देखने को मिला है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से रोजमर्रा की सवारी और सामान ढुलाई के खर्चे बढ़ गए हैं, जिसका असर आम आदमी की जिंदगी पर पड़ रहा है।

दुनिया में सबसे महंगा पेट्रोल कहां मिलता है?

वर्तमान में विश्व स्तर पर पेट्रोल की कीमतों में काफी अंतर है। सबसे महंगे पेट्रोल वाले देशों की सूची हॉन्ग कॉन्ग सबसे ऊपर है। यहां तेल ज्यादातर चीन से आयात होता है, लेकिन स्थानीय कीमतें बहुत ऊंची होने के कारण निजी वाहनों की संख्या कम है।

  • हॉन्ग कॉन्ग- सबसे महंगा, करीब 4.1 डॉलर प्रति लीटर
  • मलावी- करीब 2.86 डॉलर प्रति लीटर
  • नीदरलैंड- करीब 2.74 डॉलर
  • डेनमार्क- करीब 2.66 डॉलर
  • सिंगापुर- करीब 2.55 डॉलर
  • जर्मनी- करीब 2.42 डॉलर

इसके अलावा लिकटेंस्टीन (Liechtenstein), अल्बानिया, ग्रीस और नॉर्वे जैसे देशों में भी पेट्रोल काफी महंगा है। टैक्स और आयात निर्भरता इन देशों में कीमतें बढ़ाती है। भारत की बाद करें दो दिल्ली में पेट्रोल की कीमत लगभग 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर के आसपास है।

दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल कहां मिलता है?

भले ही वैश्विक संकट हो, लेकिन तेल उत्पादक देशों में पेट्रोल अभी भी बहुत सस्ता है। सबसे सस्ते पेट्रोल वाले देश में ईरान का पहला नंबर है। ईरान में लगभग 2.69 भारतीय रुपये प्रति लीटर है। ईरान दुनिया के प्रमुख तेल उत्पादकों में से एक है, इसलिए यहां सब्सिडी और स्थानीय उत्पादन की वजह से कीमतें बेहद कम हैं। इसके बाद वेनेजुएला में करीब 0.035 डॉलर प्रति लीटर है। यहां दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार हैं।

इसके अलावा लीबिया, अंगोला, मिस्र और अल्जीरिया जैसे देशों में भी पेट्रोल काफी सस्ता मिलता है। ईरान संकट ने कच्चे तेल की सप्लाई चेन को प्रभावित किया है, जिससे वैश्विक स्तर पर ईंधन महंगा हो रहा है। तेल उत्पादक देशों में अभी भी सस्ता ईंधन उपलब्ध है, लेकिन आयात पर निर्भर देशों में कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। अगर यह तनाव लंबा खिंचा तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और इजाफा हो सकता है, जिससे महंगाई बढ़ेगी और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी।

ये भी पढ़ें: Iran Israel War: युद्ध रुकने के नहीं कोई आसार, इजरायल ने तेहरान में बरपाया कहर, हवाई हमले में IRGC के एयर डिफेंस ठिकाने तबाह

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 4 April 2026 at 14:59 IST