अपडेटेड 23 February 2026 at 09:26 IST

BREAKING: नेपाल के धाडिंग में बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी; 18 लोगों की मौत

नेपाल के धाड़िंग जिले में एक दुखद घटना घटी। यहां यात्रियों से भरी बस सीधे नदी में गिर गई, जिससे में 18 लोगों की जान चली गई है।

Nepal Bus Accident | Image: x

Nepal Accident: नेपाल में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। धाड़िंग जिले में यात्रियों से भरी बस अचानक नदी में जा गिरी जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई है।

इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तड़के करीब 1.15 मिनट पर बस बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड 3 में चरौंडी के पास चिनाधारा में नदी में गिर गई। बस सड़क से करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे नदी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि यह बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी। 

हादसे में 25 यात्री घायल

हादसे को लेकर हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार ठाकुरी ने कहा कि 25 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे।  जिला ट्रैफिक पुलिस प्रमुख शिशिर थापा ने बताया कि मृतकों में 6 महिलाओं और 11 पुरुष शामिल हैं। जबकि घायलों में 8 महिलाएं और 18 पुलिस समेत एक नाबालिग लड़की है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

जांच के बाद पता चलेगी हादसे की वजह

जानकारी के मुताबिक, नेपाली आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। बचाव अभियान में आसपास लोगों की भी सक्रिय भागीदारी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। 

6 फरवरी को भी खाई में गिरी थी बस

इससे पहले भी इसी तरह का हादसा बैतडी जिले में हुआ था। 6 फरवरी को बारातियों से भरी बस लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 34 लोग घायल हुए थे। हादसे का शिकार हुई बस दुल्हन को लेकर बजांग जा रही थी, तभी बड़गांव मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। 

यह भी पढ़ें: पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का दिल का दौरा पड़ने से निधन

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 23 February 2026 at 07:57 IST