जापान में भयंकर भूकंप के बाद शॉपिंग मॉल में भीषण धमाका, मॉल का हिस्सा ढहा; दर्जनों लोगों के फंसे होने की आशंका; कई कर्मचारी लापता

मंगलवार को जापानी पुलिस ने बताया कि देश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में आए जबरदस्त भूकंप के बाद एक शॉपिंग मॉल में धमाके जैसी आवाज की सूचना मिली है।

Japan Earthquake | Image: AP

मंगलवार को जापानी पुलिस ने बताया कि देश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में आए जबरदस्त भूकंप के बाद एक शॉपिंग मॉल में धमाके जैसी आवाज की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि इस धमाके में मॉल का एक हिस्सा ढह गया।

देश के सरकारी ब्रॉडकास्टर ने नेशनल पुलिस के हवाले से बताया है कि जापान के कुमामोटो शहर में आए जबरदस्त भूकंप के बाद हुए धमाके में एक शॉपिंग मॉल का कुछ हिस्सा ढह गया, जिसके बाद कई कर्मचारी लापता हैं।

भूकंप में लगभग 50 लोग घायल

जापान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर ने फायर अधिकारियों के हवाले से बताया कि जब इमारत की दूसरी मंजिल गिरी, तो उसके अंदर कितने लोग फंसे थे, यह साफ नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप में लगभग 50 लोग घायल हुए।

यह भूकंप मंगलवार दोपहर दक्षिणी जापान में नागासाकी से लगभग 55 मील (90 किलोमीटर) पूर्व में स्थित कुमामोटो शहर में आया। इससे एक हाईवे ब्रिज टेढ़ा हो गया और कम से कम एक और इमारत गिर गई।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती अनुमान में स्थानीय पुलिस ने कहा कि नौ लोगों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है, लेकिन जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने पत्रकारों से कहा कि हताहतों की संख्या और नुकसान का दायरा अभी साफ नहीं है और इसका आकलन किया जा रहा है।

न्यूक्लियर रिस्क नहीं...

क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि भूकंप के बाद उसके सेंडाई और गेनकाई न्यूक्लियर पावर स्टेशनों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई खबर नहीं मिली है। ट्रेन ऑपरेटर JR क्यूशू ने बताया कि भूकंप के बाद उसने अपनी सभी सेवाएं रोक दी हैं, जिनमें हाई-स्पीड शिंकानसेन ट्रेनें भी शामिल हैं।

2016 में कुमामोटो में एक भयानक भूकंप आया था, जिसमें 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी, 1,800 लोग घायल हुए थे और हजारों घर या तो क्षतिग्रस्त हो गए थे या पूरी तरह नष्ट हो गए थे।

ये भी पढ़ेंः NEET पीड़ितों के परिजनों को 1 करोड़ का मुआवजा मिले, संसद में बोले अखिलेश

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 28 July 2026 at 17:43 IST