अपडेटेड 12 March 2026 at 11:01 IST
US-Iran War: ईरान ने जंग रोकने का बताया एकमात्र रास्ता, राष्ट्रपति ने रखी ये 3 शर्तें, क्या मानेंगे ट्रंप?
US-Israel-Iran war: अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग का आज 13वां दिन है। युद्ध दिन पर दिन और भीषण होता जा रहा है। इस बीच अब ईरानी राष्ट्रपति ने युद्ध रोकने की बात कही है, लेकिन इसके लिए दुनिया के सामने तीन शर्तें भी रखी हैं।
US-Israel-Iran war news: अमेरिका-इजरायल और ईरान में युद्ध ने पूरी दुनिया में हाहाकार मचाकर रख दिया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जंग का नया अखाड़ा बन गया है। इस बीच अब ईरान ने युद्ध खत्म करने की बात कही है। ईरानी राष्ट्रपति राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने जंग को खत्म करने का एकमात्र रास्ता बताया। साथ ही उन्होंने तीन शर्तें भी रखी हैं।
ईरान के राष्ट्रपति ने रखी ये 3 शर्तें
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने X पर एक पोस्ट में बताया कि रूस और पाकिस्तान के नेताओं ने इस मुद्दे पर उनसे बातचीत की। उनके सामने मैंने इस इलाके में शांति के लिए ईरान के कमिटमेंट को दोहराया है। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि इस लड़ाई को खत्म करने का एकमात्र तरीका ईरान के कानूनी अधिकारों को मान्यता देना, हर्जाना देना और भविष्य में हमले के खिलाफ पक्की इंटरनेशनल गारंटी देना है।
ट्रंप ने किया जीत का दावा
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर जीत का दावा किया है। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शुरुआती हमलों के पहले घंटे में ही नतीजा तय हो गया था और अमेरिकी सेना ने पहले ही युद्ध जीत लिया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मिशन पूरा होने तक ऑपरेशन जारी रहेगा।
ट्रंप ने कहा, “हमने उनकी नौसेना, उनकी वायुसेना, उनके सभी एंटी-डिफेंस को खत्म कर दिया है। किसी ने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। हमारे पास दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी सेना है। उन्होंने दुनिया को 47 साल का नुकसान पहुंचाया है। अब, वे इसकी बड़ी कीमत चुका रहे हैं।”
जंग का 13वां दिन
अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध को शुरू हुए 13 दिन हो गए हैं। 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत तब हुई जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया और इन हमलों में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए। इसके बाद ईरान की ओर से भी पलटवार किया गया है। इस जंग की चपेट में मिडिल ईस्ट भी आ गया और हालात बिगड़ने लगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इन हमलों में 1200 से ज्यादा ईरानी लोग मारे जा चुके हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 12 March 2026 at 11:01 IST