US-Israel-Iran War: 'दोपहर 12 बजे तक का समय है...', तेहरान की यूनिवर्सिटी पर हमले से भड़का ईरान, सेना ने ट्रंप को दिया अल्टीमेटम
US-Iran war: तेहरान की यूनिवर्सिटी पर हमले से ईरान भड़क गया है। IRGC ने इसका बदला लेने की धमकी दी है। उन्होंने अमेरिकी और इजरायली विश्वविद्यालय को निशाना बनाने की बात कही है।
US-Israel-Iran war news: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग और गंभीर होती जा रही है। दोनों ही पक्ष झुकने को तैयार नहीं। इस बीच अब ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर तेहरान में यूनिवर्सिटी को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान का आरोप है कि हमले में यूनिवर्सिटी नष्ट हो गई। इतना ही नहीं सेना ने कड़ी चेतावनी भी दी है। 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) ने कहा कि इसका बदला इजरायल और मिडिल ईस्ट में स्थित अमेरिका के विश्वविद्यालयों पर हमला करके लिया जाएगा।
ईरान ने अमेरिका के सामने रखी शर्त
IRGC ने यह भी कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल इन हमलों से बचना चाहते हैं, तो उनके पास सोमवार (30 मार्च) दोपहर 12 बजे तक का समय है। उन्हें तेहरान में यूनिवर्सिटी पर हुए हमले की निंदा करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी करना होगा। ऐसा नहीं होने पर ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा।
ईरान का दावा है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में तेहरान स्थित 'ईरान यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी' को निशाना बनाया गया। वीडियो में यूनिवर्सिटी परिसर में मलबा और नुकसान साफ दिखाई दे रहा है। इमारतें क्षतिग्रस्त नजर आ रही हैं और घटनास्थल पर चिंगारियां और धुआं उठता दिख रहा है।
तेहरान की यूनिवर्सिटी पर हमले का दावा
IRGC ने कहा कि व्हाइट हाउस के लापरवाह शासकों को यह जान लेना चाहिए कि कब्जा करने वाले शासन (इजरायल) के सभी विश्वविद्यालय और अमेरिकी विश्वविद्यालय हमारे वैध लक्ष्य हैं; इसलिए, नष्ट किए गए ईरानी विश्वविद्यालयों के बदले में दो विश्वविद्यालयों को तबाह किया जा सकता है।
सेना ने इस इलाके में अमेरिकी यूनिवर्सिटी के सभी कर्मचारियों, प्रोफेसरों और छात्रों और उनके आसपास के इलाकों में रहने वालों को सलाह दी है कि वे कैंपस से एक किलोमीटर दूर रहें। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी सरकार चाहती है कि उन संस्थानों को जवाबी कार्रवाई से बख्श दिया जाए, तो वह सोमवार, 30 मार्च दोपहर तक (तेहरान के समय के अनुसार) ईरानी विश्वविद्यालयों पर हुई बमबारी की आधिकारिक तौर पर निंदा करे।
‘ईरान इसका जवाब मजबूती से देगा’
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी कहा है कि अगर देश के इंफ्रास्ट्रक्चर या आर्थिक ठिकानों को निशाना बनाया गया, तो ईरान इसका जवाब मजबूती से देगा। उन्होंने क्षेत्र के देशों को चेतावनी दी कि अगर आप विकास और सुरक्षा चाहते हैं, तो हमारे दुश्मनों को अपनी जमीन से युद्ध चलाने की अनुमति न दें।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 29 March 2026 at 07:58 IST