अपडेटेड 6 January 2026 at 21:55 IST
‘मैं केवल 15 साल की थी, मेरा शोषण…’; मलेशियाई प्रिंस से जबरन कराई गई शादी, सालों बाद मॉडल के खुलासे से मचा हड़कंप
Manohara Odelia: इंडोनेशियाई-अमेरिकी मॉडल मनोहरा ओडेलिया ने हाल ही में खुलासा किया है कि जिस मलेशियाई शाही परिवार में उनकी शादी हुई थी, वो उनकी ‘मर्जी के बिना जबरदस्ती’ कराई गई थी।
Manohara Odelia: इंडोनेशियाई-अमेरिकी मॉडल मनोहरा ओडेलिया ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसा दावा किया जिससे चारों ओर हड़कंप मच गया। उन्होंने खुलासा किया है कि जिस मलेशियाई शाही परिवार में उनकी शादी हुई थी, वो उनकी ‘मर्जी के बिना जबरदस्ती’ कराई गई थी।
33 साल की मनोहरा ओडेलिया ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में सालों बाद अपना दर्द साझा किया। उन्होंने लिखा कि मलेशियाई शाही परिवार के तेंग्कू मुहम्मद फखरी पेट्रा से 2008 में हुई उनकी शादी ‘जबरन बाल विवाह’ का मामला था। ऐसे में उन्होंने प्रिंस की ‘एक्स-वाइफ’ बुलाए जाने पर आपत्ति जताई है और कहा कि वो उनकी मर्जी की शादी नहीं थी।
‘मलेशियाई राजकुमार से जबरन शादी हुई’
ओडेलिया उस समय केवल 15 साल की थीं। उनके पास इतनी आजादी और क्षमता नहीं थी। उन्होंने मीडिया संगठनों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों से उनके लिए ‘एक्स-वाइफ’ जैसे शब्द ना यूज करने की रिक्वेस्ट की और इसे ‘अनैतिक’ बताया। उन्होंने जिस दर्द और जिल्लत को सालों तक अपने दिल में छुपाकर रखा, वो अब आखिरकार पूरी दुनिया के सामने आ चुका है।
उनकी 2008 में मलेशियाई राजकुमार तेंग्कू फखरी से शादी हुई थी। वो शाही महल उनके लिए किसी पिंजरे से कम नहीं था। उन्होंने लिखा कि ‘वो कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं था, ना ही लीगल मैरिज थी। उन्हें वो रिश्ता कभी नहीं चाहिए था, उन्हें जबरन उस शादी में धकेला गया। नाबालिग होने के नाते उनके पास चॉइस नहीं थी’।
मॉडल के लिए शाही महल बना ‘पिंजरा’
ओडेलिया ने एक और पोस्ट किया और लिखा कि ‘जब किसी इंसान के साथ यौन उत्पीड़न होता है, तो हम उसे अपराधी की पूर्व प्रेमिका या पूर्व प्रेमी नहीं कहते। हम यौन हिंसा को रिश्ते के रूप में नहीं देखते। हम दुर्व्यवहार को सहमति से हुई घटना का रूप नहीं देते’। ना उन्होंने उस आदमी को डेट किया, ना कोई रिश्ता था और ना मर्जी, सब जबरन हुआ।
उन्हें शादी के बाद लंबे समय तक ‘मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना’ झेलनी पड़ी थी। उनका बाहर की दुनिया से संपर्क टूट गया था, अपने परिवार से भी वो दूर होती चली गईं और उनके हर कदम पर नजर रखी जाती थी। रिपोर्ट्स की माने तो, ओडेलिया 2009 में उस जबरदस्ती की शादी के चंगुल से निकल पाई थीं। एक विदेशी यात्रा के दौरान, वो सिंगापुर के एक होटल से अपनी मां, पुलिस और अमेरिकी दूतावास की मदद से निकलने में सफल रहीं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 6 January 2026 at 21:55 IST