अपडेटेड 27 February 2025 at 08:57 IST
'पाकिस्तान एक असफल देश, जो दान पर जिंदा...' UN में फिर भारत ने PAK को लताड़ा, कश्मीर का मुद्दा उठाने पर खूब सुनाया
राजनियक ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि परिषद का समय एक असफल देश द्वारा बर्बाद किया जा रहा है, जो अस्थिरता पर पनपता है और अंतर्राष्ट्रीय सहायता पर जिंदा रहता है।
India slams Pakistan at UN: पाकिस्तान एक असफल देश है, जो दूसरों देशों के दान के पैसों पर जिंदा है। ऐसा देश भारत को तो नसीहत न ही दें... अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान को खूब लताड़ लगाई। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) की बैठक में फिर कश्मीर का मुद्दा उठाने पर पड़ोसी मुल्क को भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने आइना दिखाया।
भारत कई बार पाकिस्तान को साफ शब्दों में कह चुका है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमारे अंदरूनी मामलों में उसे बोलने का कोई हक नहीं। फिर भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बार-बार कश्मीर के मुद्दे को उठाकर अपनी फजीहत कराया है। ऐसा ही एक बार फिर हुआ।
'जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न अंग'
जिनेवा में आयोजित UNHRC की बैठक में भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर बोलने के लिए पाकिस्तान को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा, "भारत पाकिस्तान द्वारा किए गए निराधार और दुर्भावनापूर्ण आरोपों के संबंध में अपने जवाब के अधिकार का इस्तेमाल कर रहा है। यह देखना दुखद है कि पाकिस्तान के तथाकथित नेता और प्रतिनिधि अपने सैन्य आतंकवादी परिसर द्वारा दिए गए झूठ को फैलाने में लगे हैं।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान OIC को अपना मुखपत्र बताकर उसका मजाक उड़ा रहा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग बने रहेंगे। पिछले कुछ वर्षों में J&K में हुई अभूतपूर्व राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति अपने आप में सब कुछ बयां करती है। ये सफलताएं दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से त्रस्त इस क्षेत्र में सामान्य स्थिति लाने की सरकार की प्रतिबद्धता में लोगों के भरोसे का प्रमाण हैं।"
‘जो देश बेशर्मी से UN द्वारा घोषित आतंकियों को पनाह देता है, वो…’
भारतीय राजनियक ने पड़ोसी मुल्क के 'पाप' गिनाते हुए आगे कहा कि एक ऐसा देश जहां मानवाधिकारों का हनन, अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन उसकी नीतियों का हिस्सा नहीं है। जो बेशर्मी से संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादियों को पनाह देता है। वह पाकिस्तान किसी को उपदेश देने की स्थिति में नहीं है।
इनकी बयानबाजी पाखंड से भरी है- भारतीय राजनियक
राजनियक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान को अपने देश के हालातों पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने भारत के प्रति अपने अस्वस्थ जुनून के बजाए पाकिस्तान को अपने लोगों को वास्तविक शासन और न्याय प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस परिषद का समय एक असफल देश द्वारा बर्बाद किया जा रहा है, जो अस्थिरता पर पनपता है और अंतर्राष्ट्रीय सहायता पर जिंदा रहता है। इनकी बयानबाजी पाखंड से भरी है, इनके कार्य अमानवीय हैं और इनका शासन अक्षमता से भरा है। भारत लोकतंत्र, प्रगति और अपने लोगों के लिए सम्मान सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। वे मूल्य जिनसे पाकिस्तान को सीखना चाहिए।
बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्री आजम नजीर तरार ने संयुक्त राष्ट्र में था कि कश्मीर में मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है, जिसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वहां लगातार लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार को नकारा जा रहा है। इसी बयान पर भारत ने पाकिस्तान को जवाब दिया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 February 2025 at 08:46 IST