अपडेटेड 25 July 2025 at 23:12 IST

मालदीव के लिए भारत ने खोली झोली, 4850 करोड़ का दिया कर्ज; PM मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू की द्विपक्षीय बैठक में क्या हुआ?

PM Modi in Maldives: राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू संग वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव को 4,850 करोड़ रुपये की लोन सहायता देने की घोषणा की है। यह भी बताया कि भारत-मालदीव के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू हो चुकी है।

PM Modi's Maldives Visit | Image: BJP

PM Modi Maldives Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिनों के मालदीव दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने मालदीव को भारत का सबसे करीबी पड़ोसी  बताया। वहीं उन्होंने मालदीव के लिए झोली भी खोल दी। पीएम मोदी ने मालदीव को 4850 करोड़ रुपये की लोन सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा 72 सैन्य वाहन और दूसरे उपकरण भी सौंपे।

मालदीव ने पीएम मोदी को स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। वे तीसरे बार इस देश के दौरे पर गए हैं। शुक्रवार (25 जुलाई) को ब्रिटेन से पीएम मोदी सीधा मालदीव पहुंचे थे। यहां माले में राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने जोरदार स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी दी गई।

PM मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू की बैठक

मालदीव में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुइज्जू संग द्विपक्षीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों दिग्गजों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि हमने मालदीव को 4850 करोड़ रुपये की नई ऋण सहायता प्रदान करने को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

दोनों देशों के बीच हुए ये समझौते

उन्होंने बताया कि यह ऋण सहायता मालदीव की विकास आवश्यकताओं के लिए सहायता की परंपरा को जारी रखने का प्रतिनिधित्व करती है। हमें उम्मीद हैं कि इससे कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पूरी की जाएंगी, जिससे मालदीव में नागरिकों के जीवन को लाभ होगा।"

इसके अलावा दोनों देशों ने भारत और मालदीव के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर बातचीत शुरू करने का ऐलान हो गया है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा आर्थिक सहयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।  इसके अलावा भारत की बायर्स क्रेडिट सुविधा के तहत निर्मित 3,300 सामाजिक आवास इकाइयों का सफलतापूर्वक हस्तांतरण किया गया। भारत ने मालदीव को कुल 72 वाहन एवं अन्य उपकरण सौंपे।

 हमारे लिए हमेशा दोस्ती पहले आती है- PM मोदी

द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति और 'महासागर' विजन में मालदीव एक अहम स्थान रखता है। भारत को मालदीव का सबसे भरोसेमंद दोस्त होने पर भी गर्व है। चाहे संकट हो या महामारी, भारत हमेशा सबसे पहले उनके साथ खड़ा रहा है। चाहे जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता हो या फिर कोविड के बाद अर्थव्यवस्था को संभालना हो, भारत ने हमेशा साथ मिलकर काम किया है। हमारे लिए हमेशा दोस्ती पहले आती है।

मुइज्जू ने जताया भारत का आभार

वहीं, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल को 72 वाहन प्रदान करने के लिए भारत के प्रति अपनी हार्दिक सराहना व्यक्त करता हूं। 4000 आवास इकाइयों की परियोजना से 3300 आवास इकाइयों का हस्तांतरण मालदीव में आवास की जरूरतों को पूरा करने की मेरी सरकार की नीति में एक बड़ा कदम है। मैं स्वास्थ्य क्षेत्र में मालदीव के प्रमुख भागीदार के रूप में अपनी भूमिका के लिए भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं।

उन्होंने कहा कि भारत मालदीव के पर्यटन के लिए एक प्रमुख स्रोत बाजार बना हुआ है। हमने इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को बेहतर सहयोग और कनेक्टिविटी के माध्यम से विस्तारित करने के तरीकों पर चर्चा की।

गौरतलब है कि मोहम्मद मुइज्जू के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही भारत और मालदीव के बीच में संबंधों में खटास आ गई थी।  मुइज्जू ने इंडिया आउट के नारे से चुनाव लड़ा और राष्ट्रपति बनने के बाद भारत विरोधी कदम भी उठाए थे। जिसके बाद भारतीय ने भी मालदीव का बॉयकॉट शुरू हो गया था। हालांकि अब उनके तेवर बदल गए है, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्ते फिर पटरी पर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: UK PM संग पीएम मोदी की चल रही थी PC, हिंदी ट्रांसलेशन में अटक गई ट्र्रांसलेटर, PM मोदी ने कहा कुछ ऐसा; मुस्कुराने लगे कीर स्टार्मर
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 25 July 2025 at 23:12 IST