इजरायली हमले के बाद बम बांधकर पेरिस के ईरानी दूतावास के पास पहुंचा शख्स, पुलिस ने घेरा

France News: फ्रांसीसी पुलिस ने पेरिस में ईरानी वाणिज्य दूतावास को घेर लिया जहां एक व्यक्ति ने खुद को उड़ा देने की धमकी दी।

BREAKING: Iran Embassy In Paris Cordoned Off After Reports Of Suspect With Explosives | Image: AP

France News: फ्रांसीसी पुलिस ने पेरिस में ईरानी वाणिज्य दूतावास को घेर लिया जहां एक व्यक्ति ने खुद को उड़ा देने की धमकी दी। आपको बता दें कि कथित तौर पर विस्फोटक जैकेट पहने एक व्यक्ति के इमारत में प्रवेश करने के बाद फ्रांसीसी पुलिस ने पेरिस में ईरानी वाणिज्य दूतावास को घेर लिया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और विशिष्ट पुलिस इकाइयां मौके पर मौजूद हैं।

इस्फहान वायु सेना केंद्र पर इजरायली हमला

इससे पहले ईरान ने इस्फहान शहर के पास शुक्रवार को तड़के ड्रोन देखने के बाद एक प्रमुख वायु सेना अड्डे और परमाणु स्थल के बचाव में उन पर हमला किया। ये ड्रोन ईरान के अप्रत्याशित ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद इजराइल के हमले के तहत दागे माने जा रहे हैं।

माना जा रहा है कि ईरान के अप्रत्याशित ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद ये ड्रोन इजराइल की ओर से दागे गए। ईरान के किसी भी अधिकारी ने इस आशंका को प्रत्यक्ष रूप से स्वीकार नहीं किया है कि इजराइल ने हमला किया है। इजराइली सेना ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ युद्ध और सीरिया में ईरान को निशाना बनाकर किए गए हमलों के बीच शनिवार को इजराइल पर हमले होने के बाद से तनाव बढ़ गया है।

अमेरिका के अधिकारियों ने शुक्रवार को सुबह इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन अमेरिकी ब्रॉडकास्ट नेटवर्क ने कुछ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा कि इजराइल ने हमला किया था। इन अधिकारियों के नाम नहीं बताए गए। न्यूयॉर्क टाइम्स ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई के 85वें जन्मदिन पर हमले के दावे के लिए कुछ इजराइली अधिकारियों का हवाला दिया लेकिन उनका नाम भी नहीं बताया गया।

इजराइल के नेताओं ने भी अपने बयानों में संकेत दिया कि उनके देश ने हमला किया। ईरान के सरकारी टेलीविजन की खबर के अनुसार, ड्रोन हवा में दागे जाने की खबरों पर कई प्रांतों में वायु रक्षा बैटरियां दागी गईं। ईरान के सैन्य कमांडर जनरल अब्दुलरहीम मूसावी ने कहा कि चालक दल के सदस्यों ने उड़ने वाली अनेक वस्तुओं को निशाना बनाया।

मूसावी ने कहा, ‘‘इस्फहान के आसमान में आज सुबह हुआ विस्फोट एक संदिग्ध वस्तु पर हवाई रक्षा प्रणाली के हमलों के जवाब में हुआ था जिसमें कोई नुकसान नहीं हुआ।’’ इस्फहान में ईरान की ‘यूरेनियम कन्वर्सन फैसिलिटी’ तीन छोटे, चीन की आपूर्ति वाले अनुसंधान रिएक्टर का परिचालन करती है। यहां ईरान के असैन्य परमाणु कार्यक्रम के लिए ईंधन उत्पादन और अन्य गतिविधियों को संचालित किया जाता है।

इस्फहान में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े स्थल भी हैं जिनमें भूमिगत ‘नतांज’ संवर्धन स्थल शामिल है जिस पर संदिग्ध इजराइली हमले बार-बार होते रहे हैं। सरकारी टेलीविजन ने क्षेत्र के सभी परमाणु स्थलों को ‘पूरी तरह सुरक्षित’ करार दिया। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने भी कहा, ‘‘घटना के बाद ईरान के परमाणु स्थलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।’’

(इनपुटः PTI भाषा के साथ रिपब्लिक भारत)

ये भी पढ़ेंः गोदारा के इशारे पर हत्या की रची जा रही थी साजिश, पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के शूटर को पकड़ा

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 19 April 2024 at 18:28 IST