Donald Trump: ट्रंप ने ईरान के साथ जंग खत्म करने को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान, कहा- मकसद हुआ पूरा, अब 2 से तीन हफ्तों में अमेरिका सेना...
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी जंग खत्म को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जिस मकसद के साथ इस युद्ध को शुरू किया गया था वो पूरा हो गया है।
ईरान के साथ जारी अमेरिका-इजरायल युद्ध करीब एक महीने बाद अब खत्म होने के कगार पर है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंग खत्म को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन हफ्तों में ईरान के खिलाफ जारी हमारी सैन्य कार्रवाई पूरी हो सकती है। ट्रंप ने ये भी कहा है कि इस जंग को शुरू करने के पीछे उनका जो मकसद था वो पूरा हो चुका है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि हमें यहां आए हुए 2 या 3 हफ्ते हो गए हैं। अब हम यहां से चले जाएंगे। क्योंकि हमारे लिए ऐसा करने का कोई कारण नहीं है। यह फ्रांस के लिए होगा। यह उसके लिए होगा जो भी इस जलडमरूमध्य (हॉर्मुज जलडमरूमध्य) का इस्तेमाल कर रहा है। लेकिन मुझे लगता है कि जब हम यहां से चले जाएंगे, तो शायद सब कुछ ठीक हो जाएगा। आज, मैंने सुना कि बहुत सारे जहाज वहां से गुजर रहे थे। हम अभी उनके साथ बातचीत कर रहे हैं।"
ईरान में हमने सत्ता बदल दी है-ट्रंप
ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि "ईरान में हमने सत्ता बदल दी है। सत्ता बदलना मेरे लक्ष्यों में से एक नहीं था। मेरा एक ही लक्ष्य था, उनके पास परमाणु हथियार न हों। वह लक्ष्य हासिल हो गया है। उनके पास परमाणु हथियार नहीं हैं। लेकिन हम इस काम को पूरा कर रहे हैं। मुझे लगता है कि शायद दो हफ्तों के अंदर, या शायद कुछ दिन और ज़्यादा लग सकते हैं, यह काम पूरा हो जाएगा।"
ट्रंप ने बताया अगला लक्ष्य
उन्होंने कहा, "लेकिन हम उनकी हर एक चीज को तबाह कर देना चाहते हैं। अब, यह मुमकिन है कि हम उससे पहले ही कोई समझौता कर लें, क्योंकि हम पुलों पर हमला करेंगे। मेरे दिमाग में कुछ अच्छे पुल हैं। लेकिन अगर वे बातचीत की मेज पर आते हैं, तो यह अच्छा होगा। लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे आते हैं या नहीं। हमने उन्हें बहुत पीछे धकेल दिया है।"
ईरान की कमर हमने तोड़ दी-ट्रंप
राष्ट्रपति ने ट्रंप ने दावा किया कि "हमने ईरान को जो नुकसान किया है, उसे फिर से बनाने में उन्हें 15 से 20 साल लग जाएंगे। उनके पास न कोई नौसेना है, न सेना, न वायुसेना, न दूरसंचार व्यवस्था, न ही विमान-रोधी प्रणालियां और न ही कोई नेता। उनके सभी नेता जा चुके हैं। इसीलिए हमने सत्ता बदल दी है। अब हमारे पास अच्छे, नए नेता हैं।"
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 1 April 2026 at 07:02 IST