Israel Iran War: 'घुसपैठ करने वाले किसी भी हमलावर का पैर काट दो...',ट्रंप ने खर्ग द्वीप पर कब्जे की दी धमकी तो ईरान ने किया जोरदार पलटवार
ईरान किसी भी हालत में अमेरिका के सामने झुकने को तैयार नहीं है। अब ईरानी सेना के प्रवक्ता जनरल इब्राहिम जोल्फागरी ने कहा है कि उनके मुल्क में जबरन घुसने की कोशिश करने वालों का पैर काट देंगे।
अमेरिका के ईरान पर ताजा हमलों के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। बीते एक महीने से ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के चल रहे जंग ने और भीषण रूप ले लिया है। ईरान किसी भी हालत में अमेरिका के सामने झुकने को तैयार नहीं है। ट्रंप की लाख धमकियों के बावजूद ईरान के हौसले अब भी बुलंद है। अब ईरानी सेना के प्रवक्ता जनरल इब्राहिम जोल्फागरी ने कहा है कि उनके मुल्क में जबरन घुसने की कोशिश करने वालों का पैर काट देंगे और उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल इब्राहिम जोल्फागरी ने मंगलवार को अमेरिका को चेताते हुए कहा है कि उनके मुल्क में अगर जबरन घुसने की कोशिश की तो ईरानी सशस्त्र बल किसी भी आक्रमणकारी के पैर काट देंगे और उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।
जोल्फागरी ने अमेरिका को दी बड़ी चेतावनी
जोल्फागरी ने अमेरिकी और इजरायली नेतृत्व पर ईरान की राष्ट्रीय शक्ति का गलत आकलन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दुश्मन केवल भौतिक संकेतकों पर भरोसा करके ईरानी जनता और उसके सशस्त्र बलों के दृढ़ संकल्प को नहीं समझ पा रहा है। जोल्फागरी ने कहा, इस गलतफहमी के कारण दुश्मन के लिए सड़कों पर क्रांतिकारी लोगों की अभूतपूर्व उपस्थिति और युद्ध के मैदान में सशस्त्र बलों की चमत्कारिक शक्ति का अनुमान लगाना असंभव हो गया है।
ईरानी मीडिया का बड़ा दावा
ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि अगर अमेरिका जमीनी हमला करता है तो रूस के चेचन लड़ाके ईरान की मदद के लिए तैयार हैं। चेचन सैन्य इकाइयों ने अमेरिकी जमीनी आक्रमण की स्थिति में ईरानी सेनाओं का साथ देने की घोषणा की है।यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया धमकी के एक दिन बाद आया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए चेतावनी दी कि यदि ईरान जल्द ही शांति समझौता नहीं करता और होर्मुज जलडमरूमध्य को व्यापार के लिए नहीं खोलता, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देगा।
ट्रंप ने खर्ग द्वीप पर कब्जे की दी धमकी
ट्रंप ने ईरान के बिजली प्लांट, तेल के कुएं और खर्ग द्वीप पर भी कब्जे की बात कही थी। मगर अब ईरान पलटवार करते हुए साफ-साफ कहा कि अमेरिका उसकी ताकत को आंकने में गलत साबित हुआ है। अब अमेरिका-ईरान के बीच तनाव चरम पर है। दोनों पक्षों के बीच सीधी बातचीत की कोशिशें जारी हैं, लेकिन सैन्य धमकियां और जवाबी चेतावनियां स्थिति को और जटिल बना रही हैं। आने वाले समय में वैश्विक तेल बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर इस विवाद के गहरे असर पड़ने की आशंका है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 31 March 2026 at 15:21 IST