Columbia Earthquake: कोलंबिया में भूकंप ने मचाई भारी तबाही, मृतकों की संख्या पहुंची 100 के पार; संकट की घड़ी में इन देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ
दक्षिणी अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह 7.4 तीव्रता का एक बेहद शक्तिशाली और भयानक भूकंप आया, जिसने भारी तबाही मचाई है। तेज भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गई और बड़ी संख्या में लोग मलबे के नीचे दब गए।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 6 min read
Columbia Earthquake: दक्षिणी अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह 7.4 तीव्रता का एक बेहद शक्तिशाली और भीषण भूकंप आया, जिसने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई बहुमंजिला इमारतें ढह गईं, जिससे बड़ी संख्या में लोग मलबे के नीचे दब गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विनाशकारी भूकंप में अब तक कम से कम 132 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे से लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
भूकंप के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मची हुई है। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी है। वहीं राहत अभियान में सेना को भी लगाया गया है। सरकार ने स्थिति देखते हुए इमरजेंसी की घोषणा कर दी है।
घरों से बाहर निकले डरे-सहमे लोग
अमेरिकी भूवैज्ञानिक के अनुसार, भूकंप का केंद्र पश्चिमी कोलंबिया के चोको क्षेत्र में स्थित सैन जोसे डेल पालमार के पास था। वहीं भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 107 किलोमीटर नीचे था। इस भूकंप के तेज झटके कोलंबिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए। झटकों से डरे और सहमे लोग आनन-फानन में अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। यह भूकंप इतना भयानक था कि इसका असर पड़ोसी देश इक्वाडोर में भी महसूस किया गया।
दिल कचोटने वाली तस्वीरें आई सामने
भूकंप की रूह कंपा देने वाली तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहे हैं। इन तस्वीरों ने दिल कचोट कर रख दिया है।
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने संभाली कमान
कोलंबिया में आए भूकंप के बाद नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अलेबार्डो डे ला एस्प्रीएला ने सरकार आपदा प्रतिक्रिया की कमान सीधे अपने हाथों में ले ली है।
इन देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ
कोलंबिया में आए भूकंप से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में इस मुश्किल घड़ी में कई देशों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है, जिसमें अमेरिका, फ्रांस, यूक्रेन, इटली समेत अन्य देश शामिल हैं।
कोलंबिया भूकंप पर ट्रंप प्रशासन की नजर- रुबियो
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा, 'ट्रंप प्रशासन कोलंबिया में आए जबरदस्त भूकंप पर बारीकी से नजर रखे हुए है और कोलंबिया के लोगों और राष्ट्रपति अलेबार्डो डे ला एस्प्रीएला के प्रशासन की मदद के लिए तैयार है। कोलंबिया में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को http://STEP.State.gov पर रजिस्टर करना चाहिए और ताजा जानकारी के लिए @USEmbassyBogota के सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करना चाहिए।'
कोलंबिया हमारी दोस्ती पर भरोसा करे- मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'कोलंबिया में आए भयानक भूकंप को लेकर मैं फ्रांस की ओर से कोलंबिया के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं पीड़ितों, उनके परिवारों, घायलों और इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के बारे में सोच रहा हूं। हमारी एकजुटता बचाव दल और उन सभी लोगों के साथ भी है जो प्रभावित लोगों की मदद के लिए साहस के साथ काम कर रहे हैं। इस मुश्किल समय में कोलंबिया हमारी दोस्ती और हमारे समर्थन पर भरोसा कर सकता है।'
किसी भी व्यक्ति की जान जाना दुखद- जेलेंस्की
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने लिखा, 'पश्चिमी कोलंबिया में आया भूकंप बेहद दुखद है, जिसका असर पड़ोसी देश इक्वाडोर पर भी पड़ा है। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों और इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। किसी भी व्यक्ति की जान जाना दुखद है। हम कोलंबिया के लोगों और इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ पूरी तरह खड़े हैं और उनका समर्थन करते हैं। हम दुनिया भर के उन सभी लोगों से अपील करते हैं जो अभी प्रभावित लोगों और देशों की मदद कर सकते हैं, कि वे आगे आएं और सहायता करें।
कोलंबिया में आए भूकंप पर मेरी नजर- मेलोनी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने X पर लिखा, ‘मैं कोलंबिया में आए जोरदार भूकंप से जुड़ी खबरों पर बेसब्री से नजर रखे हुए हूं। मुश्किल की इस घड़ी में इटली कोलंबिया के लोगों, प्रभावित परिवारों और बचाव व राहत कार्यों में लगे सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’
लोगों के साथ खड़ी सरकार- कोलंबिया के राष्ट्रपति
बता दें कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अलेबार्डो डे ला एस्प्रीएला ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘राष्ट्रीय सरकार लोगों के साथ खड़ी है। प्रभावित 1,400 से ज्यादा परिवारों और लोगों की मदद के लिए तुरंत आर्थिक संसाधन और मानवीय सहायता उपलब्ध करा दी गई है। घायलों और जिन्हें तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत है, उन्हें उपलब्ध सभी हॉस्पिटल सुविधाओं के साथ मेडेलिन (MedellIn) भेजा जा रहा है। इसके अलावा, जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें अस्थायी रूप से किराया सब्सिडी दी जाएगी। प्रभावित समुदायों की जान और उनकी भलाई हमारी प्राथमिकता है और आगे भी रहेगी।’
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 11 August 2026 at 07:34 IST