मिस्र में बड़ा रेल हादसा, दो ट्रेनों की टक्कर में अबतक 7 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल

मिस्र में रविवार को दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई है। ट्रेन हादसे में करीब 112 लोग घायल हुए हैं।

Egypt Train Collision: मिस्र में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा हुआ है, जहां दो यात्री ट्रेनों के आपस में टकरा जाने के कारण कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा काहिरा से लगभग 52 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुआ। यहां दक्षिण-पश्चिमी फयूम प्रांत की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन, दक्षिणी प्रांत असवान की तरफ बढ़ रही दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई।

कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह भीषण हादसा गीजा फ्यूम ट्रेन के काहिरा-असवान ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकराने के कारण हुआ। हादसे के वक्त काहिरा-असवान ट्रेन भी उसी ट्रैक पर और उसी दिशा में जा रही थी।

कई डिब्बे बेपटरी हुए

इस भीषण टक्कर के बाद कई डिब्बे बेपटरी हो गए और ढलान से नीचे जा गिरे। घटनास्थल से वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग पलटे डिब्बों के अंदर घायल यात्रियों को तलाशते नजर आए। हादसे के बाद आसपास रहने वाले लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश

इस बीच, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये इस हादसे की तुरंत जांच के आदेश दिए हैं।  

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में दिवाली पर जमकर हुई आतिशबाजी, धुंध की चादर में लिपटी राजधानी; कई इलाकों में 400 के पार पहुंचा AQI

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 9 November 2026 at 08:42 IST