'बंगाल चुनाव में BJP जीती तो...', एग्जिट पोल्स से बांग्लादेश में बैचेनी क्यों? संसद में उठा मुद्दा, BJP सांसद ने शेयर किया VIDEO

बांग्लादेश के एक सांसद ने पश्चिम बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल के परिणामों के मुद्दे को संसद में उठाते हुए इस पर चिंता जाहिर की है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने उनका वीडियो शेयर किया।

बांग्लादेश की संसद में उठा मुद्दा | Image: X

Bangladesh: पश्चिम बंगाल में मतदान पूरे हो चुके हैं। अब सबकी नजरें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। जहां ज्यादातर एग्जिट पोल से तो इस बार बंगाल की सत्ता में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कई एग्जिट पोल्स के आंकड़ों के मुताबिक पश्चिम बंगाल में पहली बार 'कमल' खिलने जा रहा है, तो वहीं ममता 'दीदी' की 15 साल बाद सत्ता से विदाई हो रही है।

एग्जिट पोल्स ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) को टेंशन में डाल दिया है। साथ ही साथ इससे बांग्लादेश में भी खलबली मच गई है। बंगाल चुनाव में मतगणना से पहले ये मुद्दा बांग्लादेश की संसद में उठा है।

निशिकांत दुबे ने शेयर किया VIDEO

BJP नेता निशिकांत दुबे ने X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें बांग्लादेश के रंगपुर से नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के  सांसद अख्तर हुसैन को संसद में बंगाल चुनाव पर बोलते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार बनने से ढाका को शरणार्थी संकट का सामना करना पड़ सकता है। हम इसको लेकर चिंतित हैं।

निशिकांत दुबे ने उनका वीडियो शेयर करते हुए कहा, "बांग्लादेश के सांसद अख्तर हुसैन ने आज बांग्लादेश के संसद में कहा कि भाजपा की पश्चिम बंगाल की जीत घुसपैठ को रोकेगी और बांग्लादेशी मुसलमानों को भगाएगी, यह खतरनाक है। तृणमूल कांग्रेस के मददगार धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं।"

BJP ने घुसपैठियों को बाहर निकालने का किया वादा

बंगाल चुनाव के दौरान बीजेपी घुसपैठियों के मुद्दे को बार-बार उठा चुकी है। खुद पीएम मोदी ने रैली के दौरान जनता से वादा किया था कि भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठियों के मददगारों के खिलाफ विशेष जांच बैठाई जाएगी। चाहे मददगार कितना ताकतवर हो, उसकी पहचान होगी। घुसपैठियों को खदेड़ा जाएगा और उनके आकाओं को जेल भेजा जाएगा।

क्या कहते हैं एग्जिट पोल्स के अनुमान? 

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव हुए हैं। पहले चरण के लिए वोटिंग 23 अप्रैल, तो दूसरे के लिए 29 अप्रैल को हुई। 4 मई को वोटों की गिनती होनी है। इससे पहले एग्जिट पोल के अनुमानों ने सबको चौंका दिया है। इस बार TMC और BJP के बीच मुकाबला कांटे का है, लेकिन पलड़ा थोड़ा अलग नजर आ रहा है।

Matrize, P-Marq और टुडे चाणक्य जैसे सर्वे बीजेपी को 145 से 175 सीटें दे रहे हैं। अगर ये सही साबित हुए, तो बीजेपी बहुमत के आंकड़े (148 सीटों) को पार कर बंगाल में सरकार बना सकती है। वहीं, 'पीपल्स पल्स' जैसे कुछ पोल्स का कहना है कि ममता बनर्जी 177-187 सीटों के साथ वापसी कर सकती हैं। अगर एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित हुए तो ये ममता बनर्जी और TMC के लिए बड़ा झटका साबित होंगे। हालांकि, पूरी तस्वीर तो 4 मई को ही साफ होगी।

यह भी पढ़ें: बंगाल में आधी रात क्यों मचा बवाल? भवानीपुर स्ट्रॉन्ग रूम में 4 घंटे डटी रहीं CM ममता, बोलीं- धांधली की कोशिश हुई तो जान की बाजी लगा देंगे…

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 1 May 2026 at 10:46 IST