'सुन लो दुश्मनों, अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान हमला हुआ तो...', ईरान ने अमेरिका-इजरायल को चेताया; कहा- हमारा जवाब भयानक होगा
ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां जोरों पर है। इस बीच ईरान को ये भी डर सता रहा है कि अमेरिका और इजरायल इस दौरान कोई बड़ा हमला कर सकते हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां जोरों पर है। इस बीच ईरान को ये भी डर सता रहा है कि अमेरिका और इजरायल इस दौरान कोई बड़ा हमला कर सकते हैं।
ऐसे में ईरान ने पहले ही एक बयान जारी कर अमेरिका और इजरायल को ऐसे किसी हमले से बचने की चेतावनी दी है। सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान के एक सीनियर मिलिट्री अधिकारी ने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी है कि अगर वे मारे गए नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान देश पर हमला करते हैं, तो उन्हें कड़ी और पछतावा कराने वाली प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा।
कब है अंतिम संस्कार?
खामेनेई के अंतिम संस्कार का जुलूस 4 जुलाई को तेहरान में शुरू होगा और 9 जुलाई को उनके गृहनगर मशहद में दफनाने के साथ समाप्त होगा। इस बीच कोम और इराक में भी कुछ अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ईरान ने क्या चेतावनी दी?
तेहरान में ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर, मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान के दुश्मनों को शनिवार से शुरू होने वाले इस समय के दौरान गलतफहमी से बचना चाहिए। एक ईरानी न्यूज एजेंसी के टेलीग्राम चैनल पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा, "हम एक मजबूत ईरान के दुश्मनों को चेतावनी देते हैं कि वे किसी भी तरह की गलतफहमी से बचें और किसी भी खतरे या हमले का जवाब देने के लिए ईरानी सेना में मौजूद ईरानी राष्ट्र के बेटों की कड़ी और पछतावा कराने वाली प्रतिक्रियाओं पर विचार करें।"
इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी बुधवार को अमेरिका को खुली चेतावनी दी। अराघची ने X पर लिखा कि इस्लामाबाद में हुए समझौते (MoU) की शर्तें बिल्कुल स्पष्ट हैं और दुनिया के सामने हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेल अवीव में अपने 'पालतू जानवरों' को काबू में रखने का वादा किया था, और अगर वे अपने 'मालिक' की बात नहीं मानते, तो ईरान उन्हें सबक सिखाएगा। उन्होंने साफ कहा कि ईरानी जनता और नेतृत्व के खिलाफ किसी भी धमकी का जवाब तुरंत और जोरदार तरीके से दिया जाएगा।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 2 July 2026 at 17:15 IST