दर्दनाक चीखों की आवाज और फिर... सऊदी की सबसे बड़ी तेल कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश, सभी 14 लोगों की मौत

सऊदी प्रेस एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह सऊदी अरब की बड़ी तेल कंपनी 'अरामको' का एक हेलीकॉप्टर रास तानूरा में क्रैश हो गया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई।

सऊदी की सबसे बड़ी तेल कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश, सभी 14 लोगों की मौत | Image: RT

सऊदी प्रेस एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह सऊदी अरब की बड़ी तेल कंपनी 'अरामको' का एक हेलीकॉप्टर रास तनुरा में क्रैश हो गया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 जून को सुबह 6 बजे हुई इस दुखद घटना में हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों की जान चली गई। ये सभी सऊदी नागरिक थे।

हादसे की वजह अभी तक सामने नहीं आई

रास तनुरा में हुए हेलीकॉप्टर हादसे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है और जांच एजेंसियां मामले की पड़ताल में जुटी हैं। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है।

न्यूज एजेंसी के जरिए जारी बयान में मंत्रालय ने कहा कि वह दिवंगतों के परिजनों के दुख में शामिल है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वह मृतकों पर अपनी रहमत बरसाए।

सरकारी समाचार एजेंसी ने कहा, "हेलीकॉप्टर क्रैश की वजहों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों की मदद से जांच चल रही है।" मारे गए सभी 14 लोगों के सऊदी नागरिक होने की पुष्टि के अलावा, उनकी पहचान के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी गई।

वेस्ट एशिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी

रास तनुरा में पश्चिम एशिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी स्थित है, जिसका संचालन सऊदी अरामको करती है। हादसे से कुछ ही दिन पहले, शुक्रवार को अरामको ने इस टर्मिनल पर करीब चार महीने बाद कच्चे तेल की लोडिंग दोबारा शुरू की थी।

आपको बता दें कि मार्च में ड्रोन की चपेट में आने के बाद अरामको ने एहतियात के तौर पर अपनी रास तनुरा रिफाइनरी को बंद कर दिया था। बाद में उस समय क्षेत्रीय तनाव के बीच स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पश्चिम एशियाई तेल उत्पादक देश, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्ध को टालने के लिए बन रहे अंतरिम समझौते से पहले तेल और गैस उत्पादन में तेजी लाने में जुटे हैं।

ये भी पढ़ेंः फ्रांस में क्रैश हुआ विमान, 11 लोगों की मौत की सूचना

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 28 June 2026 at 17:40 IST