'झालमुड़ी यहां भी पहुंच गई क्या?', PM मोदी ने नीदरलैंड में बंगाल चुनाव का किया जिक्र, तो खूब लगे ठहाके- VIDEO
पीएम मोदी नीदरलैंड की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम का जिक्र किया। लोगों की प्रतिक्रिया देख उन्होंने कुछ ऐसा पूछा कि ठहाके लगने लगे।
PM Modi Mention's Jhalmuri in Netherlands: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड की अपनी यात्रा के दौरान झालमुड़ी का जिक्र किया। उन्होंने अपने संबोधन में भारत के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया। इस दौरान उन्होंने जैसे ही बंगाल का नाम लिया, भारतीय समुदाय की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उनके चेहरे खिल उठे। इतना ही नहीं, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह दृश्य देख पीएम मोदी ने चुटकी लेते हुए पूछा कि झालमुड़ी यहां भी पहुंच गई है क्या?
पीएम मोदी ने कहा कि जब लोगों के सपने सच होते हैं तब लोकतंत्र पर उनका भरोसा मजबूत होता है। उन्होंने कहा, 'मैं आपको हाल के विधानसभा चुनाव के उदाहरण देता हूं। असम, बंगाल... क्या झालमुड़ी यहां भी पहुंच गई?' असम, बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी में इस बार 80 से 90 प्रतिशत तक मतदान हुआ। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी ज्यादा बढ़ी है। यह हर राज्य का ट्रेंड है।'
संबोधन के बीच क्यों मुस्कुराने लगे पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री अभी बोल ही रहे थे कि भारतीय समुदाय के एक युवक ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाने शुरू कर दिए। अपने प्रति इतना प्यार देखकर पीएम मोदी मुस्कुराने लगे।
हर साल वोटिंग का रिकॉर्ड टूट रहा- पीएम
उन्होंने अपना संबोधन जारी रखते हुए आगे कहा, 'आज भारत में मतदाता उत्साहित है। आप भी उत्साहित हैं। हमें गर्व होता है कि हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। भारत में 90 करोड़ से ज्यादा वोटर्स रजिस्टर्ड हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में 64 करोड़ लोगों ने वोट डाला। यानी यूरोपियन यूनियन की कुल जनसंख्या से भी ज्यादा भारतीयों ने वोटिंग की।'
क्या है बंगाल चुनाव में झालमुड़ी वाला लोचा?
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी खाई थी, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। पीएम मोदी के कहे मुताबिक, बंगाल में भाजपा की जीत के बाद मिठाइयों के साथ-साथ झालमुड़ी भी बांटी गई।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 16 May 2026 at 16:48 IST