आपके प्रयास से पश्चिम एशिया में शांति की नई किरण नजर आ रही है, होर्मुज का खुला रहना बहुत जरूरी है- ट्रंप से बोले PM मोदी
ट्रंप संग द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जो शांति के प्रयास में प्रगति हुई है इसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आपके इन प्रयासों के कारण पश्चिम एशिया में शांति की नई किरण नजर आ रही है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
PM Modi- Donald Trump bilateral meeting: फ्रांस में G-7 समिट से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज (17 जून) को द्विपक्षीय मुलाकात की। बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन समय है। वहीं, मीटिंग के दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति लाने के लिए ट्रंप के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि होर्मुज का खुला रहना बहुत जरूरी है।
हम मिलकर आगे चल रहे हैं- PM मोदी
ट्रंप संग द्विपक्षीय बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि आपसे मिलकर खुशी हो रही है। पिछले साल हम वॉशिंगटन में मिले थे। उसके बाद हमारे संबंधों में एक नई गति, नई ऊर्जा आई है। कई विषयों में हम मिलकर आगे चल रहे हैं। हमारे लिए खुशी की बात है कि हमारी टीमें भी मिल जुलकर हमने जो टारगेट तय किए उसको पूरा करने के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं। हम बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम एशिया में जो शांति के प्रयास में प्रगति हुई है इसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आपके इन प्रयासों के कारण पश्चिम एशिया में शांति की नई किरण नजर आ रही है।
होर्मुज पर क्या बोले PM मोदी?
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए होर्मुज को खुला रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस दौरान भारतीय नाविकों की सुरक्षा का भी मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि हम इसे अहम मानते हैं और मुझे उम्मीद है कि ईरान के साथ होने वाले शांति समझौते में निश्चित रूप से नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है- ट्रंप
द्विपक्षीय बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उनके साथ अपने अच्छे संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दिखने में शांत, लेकिन वार्ता में बेहद सख्त हैं। हम बहुत जल्द भारत के साथ ट्रेड डील फाइनल करने वाले हैं। मैं भविष्य में कभी भारत भी जाऊंगा, मैं भारत का बहुत सम्मान करता हूं।
जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभाएगा, तो उन्होंने कहा, "हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक वह (पीएम नरेंद्र मोदी) नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में उनका (भारत का) एक बहुत अच्छा दोस्त है... यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और वे इस व्यक्ति (पीएम नरेंद्र मोदी) का बहुत सम्मान करते हैं।"
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 17 June 2026 at 19:55 IST