सऊदी ने 56 हजार पाकिस्तानी भिखारियों को निकाला, पाक में भीख के लिए मिलती है खास ट्रेनिंग, हर साल करीब 42 अरब डॉलर का कारोबार
Pakistan News : सऊदी अरब ने अपने देश से 56 हजार पाकिस्तानी भिखारियों को निकाल दिया है। ये सभी उमराह वीजा का दुरुपयोग कर वहां भीख मांगते थे। पाकिस्तान में सालों से भीख का बड़ा कारोबार रहा है। यहां भिखारी हर साल करीब 42 अरब डॉलर भीख मांगकर जुटा लेते हैं।
Saudi Arabia deports Pakistani Beggars : इस्लाम के पवित्र स्थलों वाले सऊदी अरब में पाकिस्तानी भिखारियों की बढ़ती संख्या ने रियाद को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। सऊदी अरब ने हाल के समय में करीब 56 हजार पाकिस्तानी नागरिकों को भीख मांगने के आरोप में देश से बाहर किया है। ये लोग उमराह या विजिट वीजा पर सऊदी पहुंचते थे और मक्का-मदीना जैसे पवित्र स्थलों के बाहर भीख मांगकर तीर्थयात्रियों को परेशान करते थे।
पाकिस्तानियों के भीख मांगने की समस्या केवल सऊदी तक सीमित नहीं है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी पाकिस्तानी नागरिकों पर वीजा प्रतिबंध लगा दिए हैं, क्योंकि कई लोग वहां जाकर संगठित गिरोहों के साथ अपराध और भीख मांगने में शामिल हो रहे हैं। पश्चिम एशियाई देशों में पकड़े गए 90 प्रतिशत भिखारियों के पाकिस्तानी होने की बात सामने आई है।
बार-बार दी चेतावनी
पाकिस्तान भले कितनी ही डींगें हांक ले, लेकिन ये किसी से छिपा नहीं है कि आर्थिक बदहाली झेल रहे पाकिस्तानी भीख मांगने को मजबूर हो रहे हैं। सऊदी और UAE ने पाकिस्तान को बार-बार चेतावनी दी थी कि अपने देश से भिखारियों को यहां आने से रोके। दबाव में आकर पाकिस्तान में हजारों लोगों को नो-फ्लाई लिस्ट में डाला है। 2025 में 66 हजार से ज्यादा संदिग्ध यात्रियों को पाकिस्तान में एयरपोर्ट पर ही रोक दिया, ताकि संगठित भिखारी गिरोहों पर लगाम लगाई जा सके।
पाकिस्तान में भीख के लिए खास ट्रेनिंग
पाकिस्तान में सालों से भीख का बड़ा कारोबार रहा है। दुनिया में सबसे ज्यादा भिखारी पाकिस्तान में ही हैं। यहां भिखारी हर साल करीब 42 अरब डॉलर भीख मांगकर जुटा लेते हैं। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट DAWN की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में 2024 में करीब 3 करोड़ 80 लाख भिखारी थे। पाकिस्तान में भीख के लिए खास ट्रेनिंग भी होती है।
कितना कमा लेता है पाकिस्तानी भिखारी?
पाकिस्तानी भिखारी हर दिन लोगों की जेब से भीख के रूप में करीब 32 अरब पाकिस्तानी रुपये निकालते हैं। ये कोई छोटी रकम नहीं है। पाकिस्तान के भिखारी कोशिश करते हैं कि लोगों का ध्यान खीचें और उन्हें भावुक कर दें। कराची में एक भिखारी प्रतिदिन औसत 2,000 पाकिस्तानी रुपये कमाता है। लाहौर में 1,400 रुपये, इस्लामाबाद में 950 रुपये की कमाई होती है और भिखारियों की राष्ट्रीय औसत 850 रुपये है।
विदेशों में भिखारियों का रैकेट
पाकिस्तानी भिखारियों को खास ट्रेनिंग दी जाती है, उनके पास मार्केटिंग स्किल होती है। विदेशों में पकड़े गए करीब 90% भिखारी पाकिस्तानी मूल के होते हैं। ये मक्का-मदीना जाने के लिए वीजा लेते हैं और सऊदी अरब में भीख मांगते हैं। सऊदी के हज मंत्रालय ने पाकिस्तान को इस पर कई बार रोक लगाने की हिदायत दी थी। ऐसा ना करने पर सऊदी ने सख्ती के साथ वीजा बंद करने की चेतावनी दी थी। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने खुद ये बात कबूली थी कि भिखारी दुनिया में पाकिस्तान की बेइज्जती करा रहे हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 18 December 2025 at 20:42 IST