अपडेटेड 18 December 2025 at 16:39 IST
'2039 तक अमर हो जाऊंगा...', 48 की उम्र में 18 साल जैसा शरीर होने का दावा करने वाले टेक बिजनेसमैन के दावे ने दुनिया में छेड़ दी नई बहस
अमेरिकी टेक अरबपति और बायोहैकर ब्रायन जॉनसन ने दावा किया है कि वे 2039 तक अमरता प्राप्त कर लेंगे। वे सालाना करीब 17 करोड़ रुपये एंटी-एजिंग पर खर्च करते हैं। AI और बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग की मदद से लैब में अपने अंगों के क्लोन बना रहे हैं। उनका शरीर कई मामलों में 18 साल के युवा जैसा काम कर रहा है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिका के टेक अरबपति और बायोहैकर ब्रायन जॉनसन अमर होना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया है कि 2039 तक वो अमरता को हासिल कर लेंगे। जॉनसन का कहना है कि पिछले एक साल में उनकी जैविक उम्र में कोई बदलाव नहीं आया है, जो मानव इतिहास में एक क्रांतिकारी पल है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसके बारे में जानकारी साझा की है और लोगों को अपने साथ इस सफर में शामिल होने का न्योता दिया है।
48 साल के ब्रायन जॉनसन का दावा है कि उनका शरीर कई पैमानों पर 18 साल के युवा की तरह काम कर रहा है, जिसमें हृदय प्रणाली (Cardiovascular System), प्रजनन क्षमता, ताकत और हार्मोन शामिल हैं। हालांकि, वे मानते हैं कि कुछ समस्याएं जैसे बाएं कान में सुनने की हल्की कमी और मस्तिष्क की उम्र अभी भी 42 साल की है, जिन्हें ठीक करना बाकी है। जॉनसन पिछले छह सालों से अपने शरीर पर वैज्ञानिक प्रयोग कर रहे हैं और हर साल एंटी-एजिंग लाइफस्टाइल पर करीब 2 मिलियन डॉलर (लगभग 17 करोड़ रुपये) खर्च कर रहे हैं।
प्रकृति से ली गई प्रेरणा
जॉनसन का कहना है कि अमरता असंभव नहीं है, क्योंकि प्रकृति पहले ही इस रहस्य को सुलझा चुकी है। यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग की समस्या है, जिसे प्रकृति ने पहले ही हल कर लिया है। वे फ्रेशवॉटर हाइड्रा, इम्मॉर्टल जेलीफिश और लॉब्स्टर जैसे जीवों का उदाहरण देते हैं, जो बूढ़े नहीं होते या उम्र रिवर्स कर लेते हैं। ब्रायन जॉनसन कहते हैं कि "हम बस प्रकृति के इस सॉफ्टवेयर को इंसानों में ट्रांसफर करेंगे।"
लैब में तैयार हो रहे क्लोन
आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका सबसे बड़ी होगी। AI रिसर्च और नई थेरेपीज की रफ्तार बढ़ा रहा है। जॉनसन लैब में अपने हजारों अंगों के क्लोन तैयार करवा रहे हैं, ताकि नई दवाओं और इलाज को पहले क्लोन पर टेस्ट किया जा सके और उनके शरीर को खतरे से बचाया जा सके। जॉनसन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "एक साल बीत गया, लेकिन मेरी बायोलॉजिकल उम्र वही रही। मैं 2039 तक अमरता की कोशिश कर रहा हूं। आप भी मेरे साथ जुड़ें।"
Advertisement
हालांकि, जॉनसन स्वीकार करते हैं कि मौजूदा थेरेपीज में खामियां हैं, जैसे कैंसर का जोखिम, जिन्हें ठीक करना जरूरी है। वे हजारों क्लोन ऑर्गन बना रहे हैं ताकि दवाओं का परीक्षण सुरक्षित तरीके से किया जा सके।
2039 ही क्यों?
उनका मानना है कि यह सिर्फ व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए जीवन को चुनने और मौत को ना कहने का संदेश है। उन्होंने इसके लिए 2039 का लक्ष्य रखा है। इसका कारण वो बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तेज प्रगति से नवाचार की गति बढ़ गई है। AI अब सहायक से वैज्ञानिक की भूमिका निभा रहा है, जो शोधकर्ताओं को नई खोजों में मदद कर रहा है। इसलिए उन्हें 2039 का लक्ष्य सही लगता है।
Advertisement
जॉनसन ने अपने दावा को दिखाते हुए 2018 से 2025 तक की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उनके चेहरे में उम्र के निशान कम होते दिखते हैं। वे अपनी जानकारी मुफ्त में साझा करते रहेंगे और ब्लूप्रिंट प्रोजेक्ट के जरिए दूसरों को कम खर्च में शामिल होने का मौका देंगे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 18 December 2025 at 16:39 IST