BREAKING: कोहाट में भीषण धमाके से दहला पाकिस्तान, जुमे की नमाज के बाद मस्जिद में 3 ब्लास्ट; 15 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान के कोहाट शहर में आज शुक्रवार को एक मस्जिद में भीषण बम विस्फोट हुआ। एक के बाद एक हुए तीन धमाकों में 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि 50 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।

कोहाट में भीषण धमाके से दहला पाकिस्तान | Image: X/Republic

भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में एक बार फिर भीषण धमाका हुआ है। उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट शहर में एक मस्जिद में एक के बाद एक तीन धमाके हुए। यह धमाका जुमे की नमाज के बाद हुआ। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, भीषण विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मरने वाले में आम लोगों के साथ कई पुलिसकर्मी भी हैं। धमाका इतना जोरदार था कि मस्जिद के बाहर एक बड़ा गड्ढा बन गया। घायल और मरने वालों में ज्यादातर नमाज पढ़ने वाले लोग थे। अस्पताल के डॉक्टरों और अधिकारियों ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

कोहाट में मस्जिद में धमाका

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने कहा कि ऐसा लगता है कि एक हमलावर ने विस्फोटक से भरी गाड़ी मस्जिद में घुसा दी, लेकिन अधिकारी अभी भी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही सब कुछ साफ होगा। मस्जिद के बाहर लगी कई गाड़ियां में इसकी चपेट में आ गई। यह धमाका कोहाट में हुआ, जो अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का एक जिला है। 

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने घटना पर जताया दुख

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा की है और अपने कार्यालय से जारी एक बयान में हताहत हुए लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने, घायलों को इलाज मुहैया कराने और प्रभावित लोगों की मदद करने का निर्देश दिया। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइंस के पास मस्जिद में हुए धमाके की घटना पर दुख जताया है।

राष्ट्रपति ने धमाके में घायल हुए लोगों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बाहरी समर्थन से सक्रिय खारीजी विद्रोह और आतंकवादियों का पूरी तरह से खात्मा अनिवार्य है।

TTP पर हमले का शक है

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मस्जिद की छत गिरी हुई दिखाई दी। बचावकर्मी और स्थानीय लोग मलबे से घायलों को निकालते और उन्हें एम्बुलेंस तक ले जाते हुए दिखे। हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी गुट ने नहीं ली है, लेकिन शक पाकिस्तानी तालिबान, जिसे आधिकारिक तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान या TTP के नाम से जाना जाता है, पर है।

यह भी पढ़ें:  सतना में तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लगने के बाद अफरा-तफरी

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 18 September 2026 at 15:31 IST