सतना में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने के बाद अफरा-तफरी, बिल्डिंग में फंसे बच्चे को सुरक्षित निकाला, रेस्क्यू जारी
मध्य प्रदेश के सतना में एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने के बाद अफरा तफरी मच गई। अचानक बिल्डिंग आग की लपटों में घिर गई। बताया जा रहा है इसमें कुछ लोग फंसे हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
- भारत
- 3 min read
सत्य विजय सिंह की रिपोर्ट
मध्य प्रदेश के सतना में एक तीन मंजिली इमारत में आग लगने के बाद अफरा तफरी मच गई। अचानक बिल्डिंग आग की लपटों में घिर गई। बताया जा रहा है इसमें कुछ लोग फंसे हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
सतना के कामता टोला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बिल्डिंग अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और तीसरी मंजिल पर लोगों के फंसे होने की सूचना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सवाल ये भी है कि आखिर रिहायशी बिल्डिंग के अंदर कौन-कौन से काम संचालित हो रहे थे?
फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची
कामता टोला में एक बिल्डिंग में लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम की फायर टीम की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलते ही SDM सिटी राहुल सिलाड़िया मौके पर पहुंचे। तीसरी मंजिल पर कुछ बच्चों के फंसे होने की सूचना के बाद लिफ्टर बुलाया गया, जबकि फायर ब्रिगेड के जवान तीसरी मंजिल तक पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए।
Advertisement
घायलों को अस्पताल में करया भर्ती
सुरक्षा को देखते हुए आसपास के मकानों को खाली कराया गया और लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई। इस अग्निकांड में अनिल नामक युवक के आग की लपटों से घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं आग और धुएं की चपेट में आने से पूजा सोंधिया, कमल सोंधिया और पवन कुशवाहा प्रभावित हुए। इन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद SDM ने किया मुआयना
घटना के बाद SDM सिटी राहुल सिलाड़िया और CSP देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान जिला अस्पताल पहुंचे और प्रभावित लोगों का कुशलक्षेम जाना। अधिकारियों के अनुसार पूजा सोंधिया, कमल सोंधिया और पवन कुशवाहा की हालत ठीक है। हालांकि उन्हें चिकित्सकीय निगरानी के लिए भर्ती कराया गया है। बड़ा सवाल यह है कि वहीं इस पूरे मामले में एक और गंभीर सवाल सामने आया है।
Advertisement
बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, वहां तंबाकू से जुड़ा काम भी संचालित होने की बात कही जा रही है अगर यह जानकारी जांच में सही पाई जाती है तो सवाल उठना लाजिमी है कि रिहायशी बिल्डिंग में तंबाकू से जुड़ा काम किसकी अनुमति से संचालित हो रहा था? क्या भवन के इस्तेमाल और सुरक्षा मानकों की जांच हुई थी? और क्या वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे?