'...तो हम हाथ काट देंगे', सिंधु जल संधि पर छटपटा रहे पाकिस्तान ने फिर भारत को दी गीदड़भभकी, हक और हवा की बात करता दिखा शहबाज का मंत्री
शहबाज शरीफ सरकार में जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि इस्लामाबाद उन 'हाथों को काट देगा' जो सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान के पानी पर दावा करने की कोशिश करेंगे।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Pakistan Warns India over Indus Water: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर पाकिस्तान का ऐसा हुक्का-पानी बंद किया कि उसकी बौखलाहट अब तक दिख रही है। हालत यह है कि पाकिस्तान बार-बार भारत को गीदड़भभकी दे रहा है। अब शहबाज शरीफ सरकार में जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि इस्लामाबाद उन 'हाथों को काट देगा' जो सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान के पानी पर दावा करने की कोशिश करेंगे।
पाकिस्तानी मंत्री का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब दशकों पुराने जल-बंटवारे समझौते को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है।
'जो हमारे पानी पर हाथ डालेगा, वो हाथ काट देंगे'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा, 'हम ऐलान कर चुके हैं कि जो हमारे पानी पर हाथ डालेगा, वो हाथ ही काट देंगे। सिर्फ ऐलान ही नहीं कर चुके, पिछले डेढ़-दो सालों में दो मर्तबा दिखा चुके हैं। लेकिन सवाल इंसाफ का भी तो है। हम तो अपने आपको बचा लेंगे, हमने दो बार दिखाया कि पानी नहीं, अगर हवा के ऊपर भी हाथ डालोगे तो तुम्हारा हाथ पकड़ लेंगे। क्या ये हक सबको मिल गया है। ऊपर में रहने वाले लोग, ढलान में रहने वाले लोगों का पानी रोक देंगे, क्या ये हक दुनिया को दे दिया गया है?'
‘पड़ोसी देश के PM के हाथ में एक नल का नियंत्रण’
पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' के अनुसार, मुसादिक मलिक ने आगे कहा, 'एक पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री के हाथ में एक नल का नियंत्रण है। वह कहते हैं कि वह पाकिस्तान में पानी की एक बूंद भी नहीं बहने देंगे।' इसके बाद उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, 'हम उन हाथों को काट देंगे जो पानी में हमारे हिस्से पर दावा करेंगे।' मलिक के बयान के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, लेकिन उनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकती है।
सिंधु जल समझौता अब भी पूरी तरह लागू- पाक मंत्री
वहीं पाकिस्तानी सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने भी दावा किया कि सिंधु जल समझौता आज भी पूरी तरह से लागू है। उनके मुताबिक, भारत न तो इसे एकतरफा रद्द कर सकता है, न निलंबित कर सकता है और न ही इसमें बदलाव कर सकता है। पाकिस्तान गीदड़भभकी जरूर दे रहा है, लेकिन इसके पीछे की उसकी छटपटाहट भी साफ दिख रही है।
सिंधु के पानी पर विक्टिम कार्ड खेल रहा PAK
बता दें कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई की थी। इसके बाद भारत ने कड़ा कदम उठाते हुए सिंधु जल संधि को प्रभावी रूप से स्थगित कर दिया था। यहीं से पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नैरेटिव बनाना और विक्टिम कार्ड खेलना शुरू कर दिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 June 2026 at 07:33 IST