'शायद मैं जिंदा न लौटूं...' इमरान खान ने जेल से पाकिस्तानी जजों को लिखा ओपन लेटर, मौत के डर के बीच बेगम बुशरा की हालत का भी किया जिक्र
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई संस्थापक इमरान खान ने देश की शीर्ष अदालतों को खुला पत्र लिखा है। 16 नवंबर 2026 को जारी इस पत्र में उन्होंने अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत का जिक्र किया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई संस्थापक इमरान खान ने देश की शीर्ष अदालतों को खुला पत्र लिखा है। 16 नवंबर 2026 को जारी इस पत्र में उन्होंने अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत का जिक्र किया है। इमरान ने सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों से तुरंत दखल देने की अपील की है। रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद 74 वर्षीय इमरान खान ने अपने वकील बैरिस्टर सलमान सफदर के जरिए यह संदेश भेजा है।
उन्होंने दावा किया है कि जेल में लंबे एकांत कारावास के कारण उनकी दाहिनी आंख की 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है। उनका ब्लड प्रेशर भी खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। इमरान ने चेतावनी दी है कि समय पर इलाज न मिलने पर उन्हें ब्रेन हैमरेज या हार्ट अटैक आ सकता है।
खत में इमरान खान ने क्या लिखा?
इमरान खान ने लिखा- "मैंने अपना पूरा जीवन अस्पताल बनाने में लगा दिया, ताकि जो लोग इलाज का खर्च नहीं उठा सकते, उन्हें मुफ्त इलाज मिल सके। आज मैं बस इतना चाहता हूं कि मेरी पत्नी और मेरा इलाज किया जाए। मेरी पत्नी की कमजोर होती नजर और माननीय सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का लागू न होना, जिसने मुझे लिखने के लिए मजबूर किया है। अकेले कैद में रहने के कारण, मेरा ब्लड प्रेशर बेकाबू हो गया है। पहले 130 फिर 150 फिर 170 और पिछले हफ्ते 192 और 10 नवंबर को 193 तक पहुंच गया। डॉक्टरों का कहना है कि मुझे ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का बहुत ज्यादा खतरा है, और मेरा दिल पहले ही डैमेज हो चुका है। 74 साल की उम्र में, यह लगातार बनी हुई स्थिति मुझे ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न आ सकूं।"
आदेशों की अवहेलना का आरोप
इमरान खान ने आरोप लगाया कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने, मेडिकल बोर्ड बनाने और परिवार से मिलने की अनुमति देने का निर्देश दिया था, लेकिन जेल प्रशासन ने इन आदेशों का पालन नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कोई कानूनी लाभ नहीं मांग रहे, बल्कि केवल मानवीय आधार पर न्याय और चिकित्सा उपचार चाहते हैं।
उन्होंने अंत में लिखा, मैं तभी अपनी बेगुनाही साबित कर पाऊंगा, जब मैं जीवित रहूंगा। मैं मानवीय संवेदना के आधार पर अपील करता हूं कि बहुत देर होने से पहले मुझे न्याय दिलाएं।
तीन साल से अधिक समय से जेल में हैं इमरान खान
इमरान खान पर 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटाए जाने के बाद से भ्रष्टाचार से जुड़े कई आरोप लगे हैं और वे तीन साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान को जिन मामलों में दोषी ठहराया गया था, उनमें से एक को छोड़कर बाकी सभी मामलों में सजा या तो निलंबित कर दी गई है या पलट दी गई है, और इन मामलों में अपील अभी भी लंबित है। इमरान ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है और कहा है कि ये आरोप राजनीतिक बदले की भावना से लगाए गए हैं- एक ऐसा आरोप जिसे सरकार ने खारिज कर दिया है।
तोशाखाना-2 मामले में इमरान और बुशरा को 17 साल की सजा
इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 मामले में 17 साल जेल की सजा सुनाई गई है। यह मामला 2021 में आधिकारिक यात्रा के दौरान सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की ओर से इमरान को उपहार में दिए गए महंगे बुल्गारी आभूषण सेट की खरीद से जुड़ा है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 16 November 2026 at 21:59 IST