अपडेटेड 11 August 2025 at 23:10 IST
आसिम मुनीर के बाद बिलावल भुट्टो ने भी दी युद्ध की गीदड़भभकी, भारत के खिलाफ फिर उगला जहर; जानिए क्या कहा
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की हां में हां मिलाने वाले पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भी भारत के खिलाफ जहर उगला है।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की हां में हां मिलाने वाले पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भी भारत के खिलाफ जहर उगला है। भुट्टो ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत को युद्ध की धमकी दी है और पाकिस्तानी आवाम से इस युद्ध में साथ देने का आह्वान किया है।
इससे पहले आसिम मुनीर ने भी अमेरिका की धरती से भारत समेत आधी दुनिया को परमाणु युद्ध की गीदड़भभकी दे दी थी। उन्होंने कहा था कि हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं। अगर हमें लगा कि हम डूब रहे हैं, तो आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे।
बिलावल भुट्टो ने क्या कहा?
बिलावल भुट्टो ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान की जनता में इतनी ताकत है कि वो किसी भी जंग का मुकाबला कर सकती है। उन्होंने कहा कि जो 6 के 6 दरिया हैं, हम उन्हें वापस भी ले सकते हैं। बिलावल ने कहा कि पाकिस्तान ने जंग नहीं छेड़ी, हम अमन पसंद देश हैं। पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने अमेरिका में शांति की बात की, लेकिन अगर भारत ने जंग छेड़ी तो हम पीछे नहीं हटने वाले। अगर भारत जंग के बारे में सोचेगा भी तो पाकिस्तान का हर इंसान युद्ध के लिए तैयार रहेगा।
आसिम मुनीर ने दी थी ये धमकी
आसिम मुनीर ने कहा था, "मैं स्थिति का वर्णन साधारण शब्दों में करने जा रहा हूं। भारत हाईवे पर दौड़ती एक चमकती मर्सिडीज या फरारी है। हम एक बजरी से भरा हुआ डंप ट्रक हैं। अब समझिए कि अगर ट्रक कार से टकराया तो नुकसान किसका होगा?"
इसके अलावा टैम्पा में आयोजित एक डिनर में असीम मुनीर ने भारत को परमाणु युद्ध की धमकी भी दी। उन्होंने कहा, "हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं। अगर हमें लगा कि हम डूब रहे हैं, तो आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे।" इतना ही नहीं एक मीडिया हाउस की रिपोर्ट के अनुसार पाक सेना प्रमुख ने सिंधु जल संधि का भी जिक्र किया। मुनीर ने बांध को मिसाइलों से तबाह करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भारत की ओर से इसे स्थगित करने के फैसले से 25 करोड़ लोगों पर भुखमरी का खतरा पैदा हो सकता है। हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे, जब वो ऐसा करेगा, तो हम उसे 10 मिसाइलों से तबाह कर देंगे। मुनीर ने कहा, "सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है। हमारे पास मिसाइलों की कमी नहीं है।"
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 11 August 2025 at 23:10 IST