Lockdown: ईरान युद्ध के बीच तेल संकट से बिगड़े कई देशों के हालात, 'लॉकडाउन' तक पहुंचा संकट, भारत में कैसी है स्थिति?
Fuel Crisis in World: ईरान युद्ध के बीच पैदा हुई तेल संकट के चलते कई देशों में हालात बिगड़ गए हैं। इस बीच कहीं ऑड-ईवन लागू किया जा रहा है, तो कहीं वर्क फ्रॉम होम शुरू हो गया है। वहीं, 'एनर्जी लॉकडाउन' की भी खूब चर्चाएं हो रही हैं।
Fuel Crisis: अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग को लेकर ग्लोबल टेंशन चरम पर है। दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई बुरी तरह बाधित हो गई है। युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। कई देशों में पेट्रोल-डीजल की भारी कमी देखी जा रही है और 'एनर्जी लॉकडाउन' जैसी स्थिति बनने लगी है। कहीं ऑड-ईवन लागू किया जा रहा है, तो कहीं वर्क फ्रॉम होम शुरू हो गया है।
पाकिस्तान
ईरान जंग के बीच पाकिस्तान में तेल संकट से हालात काफी बिगड़ गए हैं। बेकाबू होती स्थिति के बीच शहबाज सरकार ने कई कड़े फैसले लिए थे। उन्होंने 9 मार्च को ही वर्क-फ्रॉम-होम (WFH) की घोषणा कर दी थी। इसके अलावा सरकारी दफ्तर हफ्ते में सिर्फ चार दिन ही काम करने का फैसला लिया था।जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सरकारी विभागों के 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा गया था।
इतना ही नहीं पाकिस्तान में दो हफ्तों के लिए स्कूल की छुट्टियां भी कर दी गई थी। साथ ही कॉलेज और यूनिवर्सिटी को तुरंत 'ऑनलाइन' शिफ्ट करने का आदेश दिया गया था। पाकिस्तान में तेल और गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं।
बांग्लादेश
ऐसा ही कुछ हाल बांग्लादेश में भी है। ईरान युद्ध के बीच वहां पेट्रोल की कीमत तेजी से बढ़ रही है। पेट्रोल पंपों के बाहर लोग कई घंटों की लाइन में लगकर फ्यूल भरवा रहे हैं। कई पेट्रोल पंप बंद भी हो चुके हैं। साथ ही देश में बिजली की भारी कटौती शुरू की जा रही है। बांग्लादेश ने रमजान से ही स्कूलों की छुट्टियां कर रखी हैं।
श्रीलंका
तेल संकट के बीच श्रीलंका ने हर बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। स्कूल, कॉलेज और दफ्तरों में हफ्ते में चार दिन ही काम हो सकेगा। हालांकि यह नियम स्वास्थ्य, पोर्ट, जल आपूर्ति और कस्टम सेवाओं पर लागू नहीं होते। इतना ही नहीं, यहां नेशनल फ्यूल पास को फिर से लागू किया गया है यानी QR कोड से तेल दिया जा रहा है। निजी वाहनों के लिए अधिकतम 15 लीटर हर हफ्ते की सीमा तय कर दी गई है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को 200 लीटर तक दिया जा रहा है। बाइक-स्कूटी 5 लीटर ही तेल भरवा सकेंगी।
म्यांमार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 मार्च 2026 से ईंधन की कमी से निपटने के लिए निजी वाहनों पर 'ऑड-ईवन' (Odd-Even) नियम लागू है। 0, 2, 4, 6, 8 से शुरू होने वाली नंबर प्लेट की गाड़ियां ईवन तारीख के दिन चलेंगी, जबकि 1, 3, 5, 7, और 9 नंबर प्लेट की गाड़ियां ऑड नंबर पर चलेंगी। इतना ही नहीं अधिकारियों के अनुसार, सरकार लॉकडाउन पर विचार कर रही है।
कई देशों में ऐसे ही हालात हैं। फिलीपींस के सरकारी दफ्तरों में सिर्फ 4 दिन काम हो रहा है। तो वहीं प्राइवेट ऑफिस को वर्क-फ्रॉम-होम करने का आदेश दिया गया है। साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र में गैर-जरूरी यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं, वियतनाम में भी वर्क-फ्रॉम-होम को बढ़ावा देने का आग्रह किया गया है।
भारत में कैसे हैं हालात?
तेल संकट की वजह से कई देशों में हालात बेकाबू हो गए हैं। बात भारत की करें तो सरकार साफ कर चुकी है कि देश में फिलहाल तेल और गैस की कोई कमी नहीं है और लॉकडाउन लगाने का भी विचार नहीं किया जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्रियों संग हुई बैठक में पीएम मोदी ने साफ कहा था कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। हमें टीम की तरह काम करना होगा और कोविड-19 की तरह इस मुसीबत से निपटना होगा।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 29 March 2026 at 11:52 IST