अपडेटेड 2 March 2026 at 10:36 IST

इजरायल-ईरान जंग से चरम पर मिडिल ईस्ट में तनाव, कतर-तुर्किये और सीरिया में भारतीयों के लिए अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर भी हुए जारी

Iran-Israel War Advisory For Indian: ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले के बाद दुनियाभर में हलचल तेज है। वहीं, कतर, तुर्किये और सीरिया में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।

Iran-Israel War Advisory For Indian | Image: File

Israel-Iran war: अमेरिका और इजराइल के ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव चरम है। मौजूदा हालातों पर भारत की भी नजर बनी है। इस बीच बिगड़ती स्थिति को देखते हुए ने कई देशों में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। भारत सरकार ने कतर, तुर्की और सीरिया में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए को सतर्क रहने को कहा है। साथ ही सहायता के लिए संबंधित दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के संपर्क में रहने का आग्रह किया गया है।

कतर में भारतीयों के लिए एडवाइजरी

कतर के दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के चलते 2 मार्च को नियमित कांसुलर सेवाएं निलंबित रहेंगी। हालांकि एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया कि आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी।

दूतावास ने बयान में कहा, "वाणिज्य दूतावास के अधिकारी कांसुलर (पासपोर्ट, वीजा, सत्यापन आदि) और श्रम संबंधी मुद्दों से जुड़ी आपातकालीन सेवाओं के लिए उपलब्ध रहेंगे।" इस दौरान तत्काल सहायता के लिए अपना 24/7 हेल्पलाइन नंबर +974-55647502 और ईमेल cons.doha@mea.gov.in भी शेयर किया। वहीं, भारतीय नागरिकों को ताजा अपडेट के लिए फेसबुक और X पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करने का भी आग्रह किया गया।

इस्तांबुल में उड़ानों पर असर

इसके अलावा तुर्की के इस्तांबुल में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस्तांबुल ग्रांड एयरपोर्ट और सबिहा गोकसेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों के रद्द होने और रूट बदलने के बाद एक एडवाइजरी की। दूतावास ने कहा कि दोनों हवाई अड्डों पर उड़ानों के रद्द होने और रूट में बदलाव से उत्पन्न स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। उसने आगे कहा कि दूतावास संबंधित एयरलाइनों के साथ-साथ प्रभावित होने वाले भारतीय यात्रियों के साथ लगातार संपर्क में है।

इस दौरान भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइंस और एयरपोर्ट अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और सलाहों का बारीकी से पालन करें। सहायता या आपात स्थिति के लिए वाणिज्य दूतावास ने अपना हेल्पलाइन नंबर +90 541 238 5632 और ईमेल पते admn.istanbul@mea.gov.in और protocol.istanbul@mea.gov.in साझा किए हैं।

सीरिया में भारतीयों को अलर्ट रहने को कहा

वहीं, सीरिया के दमिश्क स्थित भारतीय दूतावास ने वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को सतर्क किया है। दूतावास ने कहा, "सीरिया में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने, उचित सावधानी बरतने, सतर्क रहने और दूतावास और सीरियाई अधिकारियों द्वारा जारी किए गए सुरक्षा दिशानिर्देशों और सलाहों का पालन करने की सलाह दी जाती है।"

सीरिया में मौजूद भारतीय नागरिकों को आपातकालीन जानकारी के लिए +963-993385973 मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। दूतावास ने अपनी वेबसाइट https://coidamascus.gov.in भी साझा की है। अधिक सहायता के लिए cons.damascus@mea.gov.in पर ईमेल कर संपर्क करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें: Israel-Iran war: UAE ने तेहरान में अपना दूतावास किया बंद, राजदूत को बुलाया वापस; ईरानी हमलों के विरोध में बड़ा एक्शन

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 2 March 2026 at 10:36 IST