BREAKING: Flydubai की तरह ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में इमरजेंसी कोड 7700 जारी, लंदन से शिकागो जा रहा था विमान
लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट को लेकर हड़कंप मच गया है। इस विमान में मौजूद पायलट्स ने एक इमरजेंसी कोड जारी किया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
British Airways Flight: इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की एक फ्लाइट ने इमरजेंसी घोषित की है।
Flightradar24 के मुताबिक, लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 ने उड़ान के दौरान 7700 इमरजेंसी कोड (आपातकालीन संकेत) जारी किया है। बताया जा रहा है कि यह विमान आयरलैंड के ऊपर उड़ान भरते वक्त अचानक तेजी से नीचे उतरना शुरू हो गया।
मिनटों में 9 हजार फीट नीचे तक आया विमान
ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल-5 से करीब 1.50 मिनट पर शिकागो के ओ'हेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई। उड़ान भरने के महज एक घंटे बाद ही फ्लाइट 37,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद वह तेजी से नीचे आने लगा। ऐसे में मिनटों में ही विमान 9 हजार फीट नीचे तक आ गया। हालांकि, फ्लाइट में इमरजेंसी घोषित किए जाने की असली वजह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
फ्लाइट को हीथ्रो एयरपोर्ट लौटने के निर्देश!
अब तक की सामने आई जानकारी के अनुसार, लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की एक फ्लाइट को अब लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट वापस भेजा जा रहा है।
7700 का मतलब क्या?
जान लें कि इस इमरजेंसी कोड का इस्तेमाल विमान में किसी इमरजेंसी को लेकर किया जाता है। 7700 एक ऐसा कोड है जिसमें कई तरह की स्थितियां हो सकती हैं। इसमें गंभीर मैकेनिकल समस्या से लेकर मेडिकल एमरजेंसी तक शामिल है। इसके अलावा कोई ऐसी स्थिति भी हो सकती है जिसमें तुरंत मदद की जरूरत हो।
FAA के नियमों के मुताबिक, 7700 का इस्तेमाल तब किया जाता है जब पायलट इमरजेंसी घोषित करता है और विमान की पहचान रडार से नहीं हो पाती है।
जब फ्लाईदुबई की फ्लाइट में मचा हड़कंप
इससे पहले फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट FZ103 30 सितंबर को उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद सऊदी अरब की तरफ मुड़ गई थी। अपना रास्ता बदलकर हवा में तेजी से नीचे आने के कुछ समय बाद इमरजेंसी सिग्नल जारी किया गया था। वहीं बाद में हाईजैक की चेतावनी भी जारी की गई। फ्लाइट दो मिनट में 17,000 फुट तक नीचे आ गया था।
भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने बुधवार को प्लेन की हाइजैकिंग के मंसूबे को नाकाम कर दिया था। ओमानी को-पायलट ने फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर स्मित मच्छार को चाकू मारा, जिसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए प्लेन क्रैश नहीं होने दिया। स्मित के मुताबिक, वे विमान उड़ा रहे थे और एक झटके के बाद नीचे गिर गए, जिससे काफी चोटें आईं। उन्हें महसूस हो रहा था कि विमान नीचे जा रहा है। स्मित ने पीएम मोदी से बातचीत में कहा कि उन्हें मालूम था कि यह आखिरी मौका है। दरवाजा वहीं था और उन्होंने उसे खोल दिया। फिलहाल स्मित का इलाज UAE के एक अस्पताल में चल रहा है। जबकि कैप्टन पर हमले के आरोप ओमानी पायलट को किसने भेजा इसकी जांच की जा रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 5 October 2026 at 18:50 IST